नमो क्रिकेट लीग: पंचकूला, लुधियाना, सोनीपत और नोएडा की टीमों ने दर्ज की जीत
पंचकूला/चंडीगढ़:- ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेली जा रही नमो क्रिकेट लीग में पंचकूला पैंथर्स, लुधियाना लायंस, सोनीपत स्पार्टन्स और नोएडा नाइट्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने-अपने मुकाबले जीत लिए। पंचकूला ने देहरादून डेयरडेविल्स को 8 विकेट से, लुधियाना ने पलवल ग्लेडिएटर्स को 52 रन से, सोनीपत ने अंबाला एसेस को 10 रन से और नोएडा नाइट्स ने फरीदाबाद फाल्कन्स को 12 रन से हराया।
पंचकूला पैंथर्स और देहरादून डेयरडेविल्स के बीच खेले गए मुकाबले में देहरादून ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 8 विकेट पर 123 रन बनाए। जवाब में पंचकूला ने 9.4 ओवर में 2 विकेट पर 127 रन बनाकर मैच जीत लिया। मनन शर्मा ने 28 गेंदों पर नाबाद 63 रन की पारी खेली। उन्होंने 6 छक्के और 2 चौके लगाए। गुरजंत ने 2 विकेट हासिल किए।
लुधियाना लायंस ने पलवल ग्लेडिएटर्स के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 7 विकेट पर 122 रन बनाए। ज्योति बरनी ने 21 गेंदों पर 34 और सुरजसिंगला ने 9 गेंदों पर 33 रन बनाए। जवाब में पलवल की टीम 10 ओवर में 9 विकेट पर 70 रन ही बना सकी। हैप्पी सहनेवाल ने 3 विकेट लिए।
सोनीपत स्पार्टन्स ने अंबाला एसेस के खिलाफ 10 ओवर में 7 विकेट पर 116 रन बनाए। निशांत ने 15 गेंदों पर 41 और अमित ने 11 गेंदों पर 33 रन बनाए। जवाब में अंबाला की टीम 106 रन पर सिमट गई। पार्थ ने 3 विकेट हासिल किए।
एक अन्य मुकाबले में नोएडा नाइट्स ने फरीदाबाद फाल्कन्स को 12 रन से हराया। नोएडा ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 116 रन बनाए। सुरेश कुमार रैना ने 15 गेंदों पर 37 रन की पारी खेली, जबकि कपिल डैजलर ने 4 गेंदों पर 20 रन बनाए। जवाब में फरीदाबाद की टीम 10 ओवर में 6 विकेट पर 104 रन ही बना सकी। अनिल कुमार ने 2 विकेट लिए।