पंचकूला:- ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में रविवार को क्रिकेट, ग्लैमर और संगीत का संगम देखने को मिलेगा। नमो क्रिकेट लीग के भव्य समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और लोकप्रिय गायक बी प्राक की विशेष मौजूदगी रहेगी। फाइनल मुकाबले के बाद विजेता टीम को ट्रॉफी से नवाजा जाएगा, वहीं पूरे टूर्नामेंट में दमदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी पर भी बड़ा इनाम बरसेगा।
‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ को टाटा की ईवी दी जाएगी। इसके अलावा अन्य उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और विजेता टीम के सदस्यों को भी सम्मानित किया जाएगा।
समापन समारोह को लेकर आयोजकों की ओर से खास तैयारियां की गई हैं। फाइनल मुकाबले के रोमांच के बाद बी प्राक की प्रस्तुति समारोह का मुख्य आकर्षण रहेगी। क्रिकेट के मैदान पर कई दिनों से जारी मुकाबलों का आज भव्य अंदाज में समापन होगा।
आयोजक तरुण भंडारी के मुताबिक, समारोह में बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमियों और खेल से जुड़े लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। पुरस्कार वितरण के साथ खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सम्मानित किया जाएगा और इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम दर्शकों का मनोरंजन करेंगे।
नमो क्रिकेट लीग के समापन समारोह में क्रिकेट का रोमांच, खिलाड़ियों का सम्मान और बी प्राक की संगीत प्रस्तुति एक ही मंच पर देखने को मिलेगी।