देहरादून में DECORA 3.0 का भव्य शुभारंभ, देशभर के नामचीन ब्रांडों ने लगाई प्रदर्शनी
देहरादून:- राजधानी के रेंजर्स ग्राउंड में निर्माण, आर्किटेक्चर, इंटीरियर और होम डेकोर क्षेत्र की चार दिवसीय प्रदर्शनी DECORA 3.0 का भव्य शुभारंभ हुआ। 20 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रदर्शनी में देशभर के प्रतिष्ठित ब्रांड, निर्माता और सप्लायर अपने उत्पादों और आधुनिक तकनीकों के साथ शामिल हुए हैं।
उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सिंचाई विभाग से सुभाष चंद्र, RERA के चेयरमैन अनिल कुमार यादव और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. संदीप सिंघल मौजूद रहे। इनके अलावा आर्किटेक्ट प्लानर पुनीत सेठी, काउंसिल ऑफ आर्किटेक्चर के रजिस्ट्रार दीपक कुमार और दिल्ली के टीआरसी की डिप्टी डायरेक्टर डॉ. रश्मि बी. टंडन और शशि मोहन श्रीवास्तव (आर्किटेक्ट एवं अर्बन प्लानर) भी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह के दौरान एक युवती ने नृत्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
उद्घाटन के बाद अतिथियों ने प्रदर्शनी में लगाए गए विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रदर्शित उत्पादों और आधुनिक तकनीकों को करीब से देखा तथा स्टॉल संचालकों और कंपनी प्रतिनिधियों से बातचीत कर उत्पादों की विशेषताओं, गुणवत्ता और उपयोगिता की जानकारी ली।
प्रदर्शनी में 30 से अधिक श्रेणियों के उत्पादों और सेवाओं को शामिल किया गया है। इनमें सीमेंट, कंक्रीट, टीएमटी स्टील, वायर एवं केबल, इलेक्ट्रिकल्स, एयर कंडीशनिंग, दरवाजे-खिड़कियां, ग्लास, प्लाईवुड, लैमिनेट्स, मार्बल, टाइल्स, सैनिटरी उत्पाद, पेंट्स, प्लंबिंग, सोलर पावर, मॉड्यूलर किचन, फर्नीचर और होम ऑटोमेशन प्रमुख हैं।
DECORA 3.0 में जनरल एयर कंडीशनर्स, वोल्टास, हैवेल्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, अडानी सीमेंट, श्याम स्टील, बिड़ला सीमेंट, बांगुर सीमेंट, सनमाइका, मर्लिनो, केईआई, वी-मार्क, कोहलर, एस्ट्रल और फेनेस्ट्रा सहित कई प्रतिष्ठित ब्रांडों की भागीदारी है।
आयोजन का उद्देश्य निर्माण और इंटीरियर उद्योग से जुड़े कारोबारियों, बिल्डर्स, कॉन्ट्रैक्टर्स, आर्किटेक्ट्स, इंजीनियर्स और इंटीरियर डिजाइनर्स को एक साझा मंच उपलब्ध कराना है। प्रदर्शनी के माध्यम से उन्हें नए उत्पादों, आधुनिक तकनीकों और बाजार के बदलते रुझानों से रूबरू होने के साथ व्यापारिक नेटवर्किंग और नए व्यावसायिक संपर्क बनाने का अवसर भी मिलेगा। चार दिवसीय यह आयोजन 23 नवंबर तक चलेगा।