विश्व पैनक्रिअटिक कैंसर दिवस 2026 के अवसर पर नाईपर, SAS नगर में वैज्ञानिक संगोष्ठी का आयोजन
मोहाली:- राष्ट्रीय औषधीय शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (नाईपर), एस.ए.एस. नगर (मोहाली) के औषध विज्ञान एवं विष विज्ञान विभाग के डॉ. उज्ज्वल महाजन द्वारा विश्व पैनक्रिअटिक कैंसर दिवस 2026 के अवसर पर एक वैज्ञानिक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस संगोष्ठी का मुख्य उद्देश्य अग्न्याशय कैंसर (Pancreatic Cancer) के अनुसंधान, निदान एवं उपचारात्मक प्रबंधन के क्षेत्र में हो रही नवीनतम प्रगति पर विचार-विमर्श करना था।
इस संगोष्ठी में प्रतिष्ठित शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, संकाय सदस्यों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान पैनक्रिअटिक कैंसर से जुड़ी चुनौतियों तथा रोगियों के उपचार परिणामों में सुधार लाने के लिए उभरती नवीन रणनीतियों पर वैज्ञानिक चर्चा की गई।
कार्यक्रम में प्रख्यात विशेषज्ञों द्वारा वैज्ञानिक व्याख्यान एवं विचार-विमर्श प्रस्तुत किए गए। इनमें प्रो. कुलभूषण टिक्कू, प्रो. श्याम एस. शर्मा, प्रो. जी. बी. जेना, डॉ. दीपिका शर्मा, डॉ. अहमद अलनत्शा तथा डॉ. राजेश रिंगे शामिल थे। विशेषज्ञों ने कैंसर जीव विज्ञान, प्रारंभिक पहचान, आणविक तंत्र, नवीन उपचारात्मक दृष्टिकोणों तथा अनुवादपरक अनुसंधान (Translational Research) के क्षेत्र में हुई महत्वपूर्ण प्रगति पर प्रकाश डाला।
संगोष्ठी में पैनक्रिअटिक कैंसर की रोकथाम एवं उपचार की दिशा में निरंतर अनुसंधान और विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों के बीच समन्वय एवं सहयोग की आवश्यकता पर विशेष बल दिया गया। यह कैंसर अपनी आक्रामक प्रकृति, देर से निदान तथा सीमित उपचार विकल्पों के कारण आज भी चिकित्सा क्षेत्र की सबसे चुनौतीपूर्ण बीमारियों में से एक बना हुआ है।
इस कार्यक्रम ने ज्ञान के आदान-प्रदान एवं वैज्ञानिक संवाद के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान किया। साथ ही, इसने कैंसर अनुसंधान को आगे बढ़ाने, शैक्षणिक सहयोग को प्रोत्साहित करने तथा पैनक्रिअटिक कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए नाईपर, मोहाली की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।