भाजपा जो कहती है, वह करके दिखाती है, पुनर्वास कॉलोनियों को मालिकाना हक देना मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण: रामवीर भट्टी
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले परिवारों को मालिकाना हक देने के चंडीगढ़ प्रशासन के ऐतिहासिक फैसले का स्वागत करते हुए केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जो कहती है, उसे करके दिखाती है। पुनर्वास कॉलोनियों के हजारों परिवारों को उनके मकानों का मालिकाना हक देने का निर्णय भाजपा की जनकल्याणकारी सोच और अपने वादों को पूरा करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।
रामवीर भट्टी ने कहा कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 1 नवंबर को चंडीगढ़ के तिरंगा पार्क में आयोजित कार्यक्रम के दौरान घोषणा की थी कि चंडीगढ़ की जनता को तीन बड़ी सौगातें दी जाएंगी और आगामी एक सप्ताह में इनकी घोषणा कर दी जाएगी। इसी कड़ी में चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया ने पुनर्वास कॉलोनियों में रहने वाले परिवारों को मालिकाना हक देने का ऐतिहासिक निर्णय लेकर एक बड़ी सौगात दी है। इतना ही नहीं, इन परिवारों की आर्थिक एवं सामाजिक परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए उन पर लगने वाली पेनल्टी को भी माफ करने का सराहनीय निर्णय लिया गया है। इससे हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी और उनका वर्षों पुराना सपना साकार होगा।
उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि अब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष इस ऐतिहासिक फैसले का श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं और इसे अपने सांसद मनीष तिवारी के प्रयासों का परिणाम बता रहे हैं। सवाल यह है कि यदि कांग्रेस और उनके सांसद को वास्तव में पुनर्वास कॉलोनियों के लोगों की इतनी ही चिंता थी, तो अपने पिछले 15 वर्षों के कार्यकाल में उन्होंने इस दिशा में क्या ठोस कदम उठाए? इतने वर्षों तक चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करने के बावजूद पुनर्वास कॉलोनियों के लोगों को उनके अधिकार क्यों नहीं दिला पाए?
रामवीर भट्टी ने सांसद मनीष तिवारी पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि चंडीगढ़ के सांसद सप्ताह में मुश्किल से एक दिन, वह भी अक्सर छुट्टी वाले दिन, चंडीगढ़ में नजर आते हैं। बाकी दिनों में उनका अपने संसदीय क्षेत्र से कोई खास सरोकार दिखाई नहीं देता। जो सांसद सप्ताह के अधिकांश दिन अपने क्षेत्र से ही नदारद रहता हो, वह चंडीगढ़ की जनता की समस्याओं को कैसे समझेगा और उनके समाधान के लिए क्या काम करेगा? जनता ने उन्हें चंडीगढ़ के विकास और अपने अधिकारों की आवाज उठाने के लिए चुना है, न कि केवल छुट्टी वाले दिन औपचारिक उपस्थिति दर्ज करवाने के लिए। उन्होंने कहा कि सांसद को श्रेय लेने की राजनीति करने के बजाय पहले जनता के बीच अपनी उपस्थिति और अपने कार्यों का हिसाब देना चाहिए।
रामवीर भट्टी ने आम आदमी पार्टी पर भी पलटवार करते हुए कहा कि जनता को राहत देने वाले इस ऐतिहासिक फैसले को चुनावी स्टंट बताना आम आदमी पार्टी की नकारात्मक राजनीति और उसकी हताशा को दर्शाता है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में भी बड़े-बड़े वादे करके जनता को गुमराह किया था, लेकिन दिल्ली की जागरूक जनता ने उनके झूठे वादों और खोखली राजनीति को पहचानकर उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखा दिया।
उन्होंने कहा कि अब पंजाब की जनता भी आम आदमी पार्टी के शासन और उसकी कार्यशैली से निराश है। आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में जनता इन्हें करारा जवाब देगी और सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
रामवीर भट्टी ने अंत में कहा कि भारतीय जनता पार्टी के लिए राजनीति सत्ता प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा और जनकल्याण का संकल्प है। भाजपा की केंद्र सरकार और चंडीगढ़ प्रशासन लगातार जनहित में फैसले ले रहे हैं। पुनर्वास कॉलोनियों के निवासियों को मालिकाना हक देने का यह निर्णय हजारों परिवारों के जीवन में स्थायित्व, सम्मान और सुरक्षा लेकर आएगा। भाजपा केवल घोषणाएं नहीं करती, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर जनता का विश्वास जीतती है।