सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से रेवड़ी मल्ली में धान की क्रॉप कटिंग, सीडीओ ने स्वयं की कटाई
क्रॉप कटिंग से तैयार होंगे फसल उत्पादन के सटीक आंकड़े
पौड़ी:- जनपद में फसलों की औसत उपज एवं उत्पादन के सटीक आंकड़े जुटाने के लिए तहसील पौड़ी के अंतर्गत ग्राम पंचायत रेवड़ी मल्ली में धान की फसल पर क्रॉप कटिंग प्रयोग किया गया। मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी ने मौके पर पहुंचकर क्रॉप कटिंग प्रक्रिया का जायजा लिया और स्वयं धान की कटाई कर प्रयोग में सहभागिता की।
राजस्व विभाग की टीम ने कृषक रणबीर सिंह के धान के खेत में निर्धारित प्रक्रिया के तहत 30 वर्गमीटर क्षेत्रफल का प्लॉट तैयार कर सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से क्रॉप कटिंग प्रयोग किया। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने स्वयं धान की कटाई की। प्रयोग के उपरांत 30 वर्गमीटर के प्लॉट से कुल 8 किलो 700 ग्राम धान की उपज प्राप्त हुई।
मुख्य विकास अधिकारी ने मौके पर खेत का नक्शा, खसरा, रजिस्टर सहित अन्य संबंधित भू-अभिलेखों का निरीक्षण किया। उन्होंने कृषक से धान की फसल, बोए गए बीज तथा उत्पादन से संबंधित जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर जनपद में विभिन्न फसलों की औसत उपज एवं उत्पादन के आंकड़े तैयार किए जाते हैं। इससे कृषि उत्पादन की वास्तविक स्थिति का अधिक सटीक आकलन करने में सहायता मिलती है।
उन्होंने कहा कि क्रॉप कटिंग से प्राप्त उत्पादन संबंधी आंकड़े फसल क्षति की स्थिति में क्षतिपूर्ति का आकलन करने तथा फसल बीमा के अंतर्गत देय राशि निर्धारित करने में भी महत्वपूर्ण आधार प्रदान करते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को क्रॉप कटिंग प्रयोगों को निर्धारित मानकों एवं पारदर्शिता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ग्राम प्रधान पुष्पा नेगी, राजस्व उपनिरीक्षक राजेंद्र सिंह एवं कुलदीप शाह, कृषि विभाग से अमित नवानी, फसल बीमा से राकेश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।