पंचकूला:- सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में खेली जा रही नमो क्रिकेट लीग में सोनीपत स्पार्टन्स, नोएडा नाइट्स, कुरुक्षेत्र किंग्स और पानीपत पैंथर्स ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। सोनीपत ने अंबाला एसेस को 10 रन, नोएडा ने फरीदाबाद फाल्कन्स को 12 रन, कुरुक्षेत्र ने रेवाड़ी-भिवानी को 38 रन और पानीपत ने मेरठ मेवरिक्स को 23 रन से हराया।
पहले मुकाबले में सोनीपत स्पार्टन्स ने 10 ओवर में 7 विकेट पर 116 रन बनाए। निशांत ने 15 गेंदों पर 41 रन की पारी खेली, जबकि अमित ने 11 गेंदों पर 33 रन बनाए। जवाब में अंबाला एसेस की टीम 10 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। पार्थ ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 18 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। अमित को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरे मुकाबले में नोएडा नाइट्स ने फरीदाबाद फाल्कन्स को 12 रन से हराया। नोएडा ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 116 रन बनाए। जवाब में फरीदाबाद की टीम 6 विकेट पर 104 रन ही बना सकी। नोएडा की ओर से सुरेश कुमार रैना ने 15 गेंदों पर 37 रन बनाए, जबकि कपिल डैजलर ने 4 गेंदों पर 20 रन की तेज पारी खेली। अनिल कुमार ने 8 रन देकर 2 विकेट लिए। कपिल को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
तीसरे मुकाबले में कुरुक्षेत्र किंग्स ने रेवाड़ी-भिवानी को 38 रन से हराया। कुरुक्षेत्र ने 6 विकेट पर 108 रन बनाए। रितेश नोनू ने 16 गेंदों पर 44 रन की पारी खेली। जवाब में रेवाड़ी-भिवानी की टीम 9 विकेट पर 70 रन ही बना सकी। शमशेर ने 9 रन देकर 4 विकेट हासिल किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
वहीं, पानीपत पैंथर्स ने मेरठ मेवरिक्स को 23 रन से हराया। पानीपत ने 5 विकेट पर 90 रन बनाए। आकाश राजपूत ने 27 गेंदों पर नाबाद 57 रन की शानदार पारी खेली। जवाब में मेरठ की टीम 67 रन पर ऑलआउट हो गई। रजत गुज्जर ने 13 रन देकर 3 विकेट लिए। आकाश राजपूत को मैन ऑफ द मैच चुना गया।