विधायक चैंपियनशिप ट्राफी में गोर्ली न्याय पंचायत ने मारी बाजी
विभिन्न आयुवर्गों की वालीबाल, खो-खो और पिट्टू प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम
पौड़ी/एकेश्वर:- खेल महाकुंभ-2026 के तहत विधानसभा चौबट्टाखाल की विधायक चैंपियनशिप ट्राफी का आयोजन खेल मैदान एकेश्वर में किया गया। प्रतियोगिता के समापन दिवस पर अंडर-14 एवं अंडर-19 बालक-बालिका वर्ग में वालीबाल, खो-खो और पिट्टू प्रतियोगिताएं आयोजित हुईं। विभिन्न न्याय पंचायतों से पहुंचे खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए खेल प्रतिभा और टीम भावना का प्रदर्शन किया। विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन के आधार पर गोर्ली न्याय पंचायत ने सर्वाधिक अंक अर्जित कर विधायक चैंपियनशिप ट्राफी अपने नाम की।
वालीबाल के अंडर-19 बालिका वर्ग में काण्डई ने प्रथम, रिंगवाड़ी ने द्वितीय और गोर्ली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-14 बालिका वर्ग में रिंगवाड़ी प्रथम, गोर्ली द्वितीय और बमोली तृतीय रही। अंडर-14 बालक वर्ग में फरसाड़ी ने प्रथम, स्यूंसी ने द्वितीय और रिंगवाड़ी ने तृतीय स्थान हासिल किया। वहीं अंडर-19 बालक वर्ग में गवाणी प्रथम, स्यूंसी द्वितीय और रिंगवाड़ी तृतीय रही।
खो-खो के अंडर-14 बालक वर्ग में देवराड़ी ने प्रथम, बमोली ने द्वितीय और मौन्दाड़ी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अंडर-19 बालक वर्ग में बमोली प्रथम, देवराड़ी द्वितीय और ढौर तृतीय रहा।
पिट्टू प्रतियोगिता के अंडर-14 बालक वर्ग में कोलागडरी ने प्रथम, पिपली ने द्वितीय और गोर्ली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पिट्टू के दूसरे वर्ग में गोर्ली प्रथम, देवराड़ी द्वितीय और कोलागडरी तृतीय स्थान पर रही।
समापन अवसर पर विजेता टीमों एवं खिलाड़ियों को प्रमुख क्षेत्र पंचायत एकेश्वर पंकज बिष्ट, खंड विकास अधिकारी सौरभ हांडा, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अजयपाल असवाल, भगवान गुसाईं एवं व्यायाम प्रशिक्षक मनोज भारती ने प्रमाण पत्र, मेडल एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर व्यायाम शिक्षक अनिल नेगी, संजीव मोहन, विकास, ममता शाह, रजनी रावत, विनोद रावत, प्रमोद रावत, विनोद, सुनील नेगी सहित अन्य उपस्थित रहे।