मां सावित्री देवी को हरिद्वार में दी गई अंतिम विदाई, संत-महात्माओं एवं राजनीतिक दिग्गजों ने अर्पित की श्रद्धांजलि
हरिद्वार:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ की पूज्य माता सावित्री देवी के अंतिम संस्कार में हरिद्वार के चंडीघाट पर संत-महात्माओं, राजनेताओं, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों की गणमान्य विभूतियों का जनसैलाब उमड़ा। वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक परंपराओं के बीच मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं उनके परिवारजनों ने नम आंखों से अपनी मां को अंतिम प्रणाम किया।
अंतिम संस्कार के अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य एवं बृजेश पाठक, भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तराखंड सह प्रभारी अरविंद मेनन, सह प्रभारी एवं सांसद सुश्री बांसुरी स्वराज, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, स्वामी यतीश्वरानंद, उत्तर प्रदेश के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, विभिन्न विधायक एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त विश्व हिंदू परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश भाई, योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण, कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत डॉ. रविंद्र पुरी, नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज, पूर्ण गुरु करौली शंकर महादेव, पौड़ी गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी, बद्री-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती कुसुम कंडवाल, भाजपा नेता श्रीमती अपर्णा यादव सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
वेदपाठी ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रों एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न कराया। परिवारजनों ने चिता की परिक्रमा कर मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई दी। उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में उनके प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
श्रद्धांजलि देते हुए संत-महात्माओं ने कहा कि मां का वात्सल्य, त्याग, संस्कार एवं आशीर्वाद जीवन की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। मां सावित्री देवी ने अपने पुत्र योगी आदित्यनाथ को ऐसे संस्कार दिए, जिन्होंने सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक परंपरा एवं जनसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ समाज को भी गहरी संवेदनात्मक क्षति हुई है।
राजनीतिक एवं सामाजिक प्रतिनिधियों ने भी शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मां का जाना जीवन की अपूरणीय क्षति है। सभी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी एवं शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की तथा ईश्वर से उन्हें इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर अंतिम संस्कार की व्यवस्थाओं एवं कार्यक्रम की रूपरेखा में सनातन धर्म विकास परिषद उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त एवं नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने उपस्थित संत-महात्माओं एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ मां सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि मां का स्थान संसार में सर्वोच्च है। मां के स्नेह, त्याग और आशीर्वाद का ऋण कभी चुकाया नहीं जा सकता। उन्होंने प्रार्थना की कि भगवान दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा योगी आदित्यनाथ जी एवं उनके समस्त परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
हरिद्वार के चंडीघाट पर श्रद्धा, संवेदना और वैदिक परंपराओं के बीच मां सावित्री देवी को दी गई अंतिम विदाई का दृश्य उपस्थित जनसमूह को भावुक कर गया।