पंजाब में आम आदमी पार्टी के खिलाफ लड़ाई और चंडीगढ़ में उसी से गठबंधन की तैयारी—कांग्रेस का दोहरा चरित्र बेनकाब : रामवीर भट्टी
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के बीच चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में संभावित गठबंधन को लेकर कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और चंडीगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की पर तीखा हमला बोला है।
रामवीर भट्टी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का असली चेहरा अब चंडीगढ़ की जनता के सामने पूरी तरह उजागर हो गया है। पंजाब में दोनों पार्टियां एक-दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरने और एक-दूसरे को घेरने की बात करती हैं, लेकिन चंडीगढ़ आते ही राजनीतिक मजबूरियों के चलते एक-दूसरे का हाथ थामने की तैयारी शुरू हो जाती है।
उन्होंने कहा कि मीडिया रिपोर्टों के अनुसार चंडीगढ़ कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की बैठक में नगर निगम चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन के प्रस्ताव पर चर्चा हुई और अधिकांश सदस्यों ने इसके पक्ष में राय दी। बैठक में सांसद मनीष तिवारी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एच.एस. लक्की भी मौजूद थे।
रामवीर भट्टी ने कहा, “मनीष तिवारी और एच.एस. लक्की को चंडीगढ़ की जनता को जवाब देना चाहिए कि पंजाब में कांग्रेस आम आदमी पार्टी के खिलाफ चुनाव लड़ने की बात करती है और चंडीगढ़ में उसी आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन क्यों करना चाहती है? क्या कांग्रेस की राजनीति सिद्धांतों पर आधारित है या केवल चुनावी स्वार्थ पर?”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप की यह राजनीतिक नजदीकी कोई पहली घटना नहीं है। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में दोनों दल चंडीगढ़ में गठबंधन के तहत चुनाव लड़ चुके हैं। वहीं पंजाब में कांग्रेस और आप अलग-अलग राजनीतिक लड़ाई लड़ रहे हैं।
रामवीर भट्टी ने कहा कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी का चंडीगढ़ में प्रस्तावित गठबंधन पूरी तरह सिद्धांतहीन और अनैतिक राजनीतिक गठबंधन है। पंजाब में एक-दूसरे के खिलाफ खड़े होने वाले दल चंडीगढ़ में केवल चुनावी लाभ के लिए एक साथ आने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह अवसरवाद की राजनीति है, जो चंडीगढ़ की जनता के सामने दोनों दलों की वास्तविक राजनीतिक सोच और प्राथमिकताओं को उजागर करती है।
रामवीर भट्टी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि “जब भाजपा के सामने चुनाव आता है तो कांग्रेस और आप के बीच की कथित लड़ाई अचानक दोस्ती में बदल जाती है। जनता पूछ रही है कि आखिर ऐसा क्या है कि पंजाब में एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी करने वाले दल चंडीगढ़ में भाजपा को रोकने के नाम पर साथ आने को तैयार हो जाते हैं?”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप को यह स्पष्ट करना चाहिए कि यदि दोनों दलों के बीच विचारधारा और नीतियों में कोई अंतर है, तो फिर चुनाव के समय गठबंधन की जरूरत क्यों पड़ रही है।
रामवीर भट्टी ने कहा कि चंडीगढ़ की जनता राजनीतिक अवसरवाद को अच्छी तरह समझती है। केवल भाजपा को रोकने के लिए अलग-अलग दलों का एक मंच पर आना उनकी राजनीतिक प्राथमिकताओं को स्पष्ट करता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप को यह भी बताना चाहिए कि यदि दोनों इतने ही अलग हैं, तो चुनाव आते ही उनके बीच गठबंधन की बातचीत क्यों शुरू हो जाती है।
उन्होंने कहा कि “कांग्रेस और आप की राजनीति का आधार जनता की सेवा नहीं, बल्कि चुनावी गणित दिखाई दे रहा है। दोनों दल जनता के सामने अलग-अलग चेहरा दिखाते हैं, लेकिन चुनाव आते ही राजनीतिक हितों के लिए एक-दूसरे के साथ खड़े हो जाते हैं।”
रामवीर भट्टी ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ की जनता के बीच अपने संगठन, कार्यकर्ताओं और विकास के मुद्दों के साथ जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप चाहे जितने राजनीतिक समीकरण बना लें, चंडीगढ़ की जनता अपने विवेक से निर्णय लेगी और किसी भी राजनीतिक गठजोड़ से भ्रमित होने वाली नहीं है।
उन्होंने मनीष तिवारी और एच.एस. लक्की से मांग की कि वे सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करें कि चंडीगढ़ में आम आदमी पार्टी के साथ संभावित गठबंधन का आधार क्या है और क्या यह गठबंधन केवल भाजपा के खिलाफ चुनावी गणित साधने के लिए किया जा रहा है।