युद्ध, आतंकवाद और भू-राजनीति के बीच प्रेम, विरह और महिलाओं के साहस को आवाज देती हैं डॉ. देवियानी सिंह की कविताएं
चंडीगढ़:- युद्ध के मैदान से लेकर इंसानी दिल की गहराइयों तक की यात्रा कराती 190 कविताओं की पुस्तक ‘रॉक डेजीज’ का रविवार को चंडीगढ़ प्रेस क्लब में विमोचन हुआ। पुस्तक की लेखिका डॉ. देवियानी सिंह ने अपनी कविताओं में युद्ध, भू-राजनीति और आतंकवाद जैसे कठोर विषयों के साथ प्रेम, विरह, पर्यावरण, नुकसान और महिलाओं के साहस को संवेदनशील शब्द दिए हैं।
पुस्तक का विमोचन हरियाणा के पूर्व मुख्य सचिव विजय वर्धन, आईएएस (सेवानिवृत्त) ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। सुभाष भास्कर सेक्रेटरी चंडीगढ़ साहित्य अकादमी की विशिष्ट उपस्थिति रही ।
‘रॉक डेजीज’ की कविताओं में युद्ध कक्षों की रणनीतियों से लेकर जंगलों और बदलती जलवायु तक के संदर्भ दिखाई देते हैं। लेखिका ने सर्जिकल कपलेट्स और सधे हुए क्वाट्रेन्स के माध्यम से वैश्विक घटनाओं को मानवीय भावनाओं से जोड़ने का प्रयास किया है। प्रेम और विरह के साथ-साथ पुस्तक में महिलाओं के उस शांत लेकिन दृढ़ साहस को भी अभिव्यक्ति मिली है, जो कठिन परिस्थितियों में उन्हें मजबूती देता है।
डॉ. देवियानी सिंह अंतरराष्ट्रीय आतंकवाद विषय में पीएचडी हैं। वह दिल्ली विश्वविद्यालय में अध्यापन के साथ लोकसभा सचिवालय की विदेश मामलों की समिति में भी कार्य कर चुकी हैं। वर्तमान में वह एक शिक्षा पत्रिका की संपादक और रचनात्मक लेखन की मेंटर हैं।
लेखिका ने बताया कि ‘रॉक डेजीज’ उनकी मां को समर्पित है। उनके अनुसार, कविताएं केवल घटनाओं का वर्णन नहीं करतीं, बल्कि उन घटनाओं के बीच मौजूद मानवीय भावनाओं और रिश्तों को समझने की कोशिश हैं।