चंडीगढ़ में आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भाजपा ने कसी कमर, दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल से आए अनुभवी प्रवासी कार्यकर्ताओं की तैनाती
चंडीगढ़:- आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश ने अपनी संगठनात्मक और चुनावी तैयारियों को गति देते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भाजपा प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर-33, चंडीगढ़ में प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा की अध्यक्षता में एक विशेष संगठनात्मक कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए अनुभवी प्रवासी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
इस विशेष कार्यशाला की अहम बात यह रही कि प्रवासी कार्यकर्ताओं के दल में केवल संगठनात्मक पदाधिकारी ही नहीं, बल्कि पार्षद एवं मेयर स्तर का चुनावी और प्रशासनिक अनुभव रखने वाले कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी भी शामिल हैं। इनके अनुभव और संगठनात्मक कार्यशैली का लाभ चंडीगढ़ के स्थानीय संगठन को उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सभी 35 मंडलों में एक-एक प्रवासी कार्यकर्ता को चुनावी जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे ने सभी प्रवासी पदाधिकारियों को उनके संबंधित मंडलों की जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मंडल स्तर पर संगठनात्मक समन्वय, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ निरंतर संवाद, बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता तथा चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाने पर विशेष जोर दिया।
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कार्यशाला की अध्यक्षता करते हुए संगठन के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर विचार-विमर्श किया। उन्होंने स्थानीय संगठन और प्रवासी कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल, सामूहिक जिम्मेदारी तथा संगठनात्मक अनुशासन के साथ काम करने पर बल दिया।
कार्यशाला में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी एवं संजीव राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस महत्वपूर्ण संगठनात्मक कार्यशाला में प्रदेश भाजपा की पूरी टीम, सभी जिलों के जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री, सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष तथा प्रदेश की ओर से विभिन्न मंडलों में नियुक्त प्रभारी भी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान आगामी नगर निगम चुनावों की तैयारियों, मंडल स्तर पर संगठन की भूमिका, स्थानीय कार्यकर्ताओं के साथ समन्वय और चुनावी जिम्मेदारियों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
दिल्ली, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश से आए अनुभवी कार्यकर्ताओं की 35 मंडलों में तैनाती भाजपा की उस संगठनात्मक व्यवस्था का हिस्सा है, जिसके तहत प्रत्येक मंडल में समन्वय और चुनावी गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने की जिम्मेदारी तय की गई है। पार्षद एवं मेयर स्तर का अनुभव रखने वाले पदाधिकारियों की सहभागिता से नगर निगम से जुड़े विषयों, स्थानीय निकायों की कार्यप्रणाली और चुनावी संगठनात्मक अनुभव को साझा करने का अवसर भी मिलेगा।
कार्यशाला में सभी पदाधिकारियों ने आपसी समन्वय, संगठनात्मक एकजुटता और निर्धारित जिम्मेदारियों के अनुसार कार्य करने पर जोर दिया। आगामी नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखते हुए चंडीगढ़ के सभी 35 मंडलों में संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने तथा प्रत्येक स्तर पर चुनावी तैयारियों को व्यवस्थित करने की रूपरेखा पर चर्चा हुई।