एक हाथ और एक पैर से गोल्फ खेलकर यूक्रेन के युद्धवीर ने जीता सबका दिल
चंडीगढ़:- युद्ध में अपना एक हाथ गंवाने के बावजूद हौसला नहीं हारा। यूक्रेन के युद्धवीर वोलोदिमिर बायकोवेट्स गत दिनों नूंह में चल रहे इंडिया इंटरनेशनल पिच एंड पुट ओपन में अपने खेल से लोगों का ध्यान खींचा:अप्रैल 2024 में सैन्य अभियान के दौरान तोप के हमले में अपना हाथ गंवाने वाले बायकोवेट्स अब बायोनिक प्रोस्थेटिक हाथ की मदद से गोल्फ खेल रहे हैं।
12 से 15 नवंबर तक तरुधन वैली गोल्फ रिसॉर्ट में आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में उनकी मौजूदगी खेल के जज्बे और दिव्यांग खिलाड़ियों की क्षमता का खास उदाहरण बनी है। कुछ शॉट खेलने के लिए उन्हें दोनों हाथों की जरूरत पड़ती है, तो कुछ शॉट वह एक हाथ से ही खेल लेते हैं। आधुनिक तकनीक से बने ‘एस्पर हैंड’ की मदद से उन्होंने गोल्फ के खेल में खुद को ढाला है।
बायकोवेट्स केवल खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि घायल सैनिकों के पुनर्वास के लिए भी काम कर रहे हैं। वह कीव स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स में वेटरन्स ऑफिस के प्रमुख हैं और स्ट्रॉन्ग साइड एडैप्टिव स्पोर्ट्स के सह-संस्थापक भी हैं। वह युद्ध में घायल हुए सैनिकों के लिए गोल्फ प्रतियोगिताएं और प्रशिक्षण सत्र आयोजित करते हैं, ताकि खेल के जरिए उनका शारीरिक और मानसिक आत्मविश्वास लौट सके।
यूक्रेन के प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत पहुंचे बायकोवेट्स की भागीदारी ने टूर्नामेंट के समावेशी खेल अभियान को भी खास पहचान दी है। उनका संदेश साफ है कि शरीर को लगी चोट इंसान के हौसले और आगे बढ़ने की क्षमता को खत्म नहीं कर सकती।