3400 टीमों और 55 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी, कंवर ग्रेवाल की प्रस्तुति
चंडीगढ़/पंचकूला:- नशे के खिलाफ मुहिम को क्रिकेट के मैदान से ताकत देने के लिए पंचकूला में सोमवार से नमो क्रिकेट लीग का फाइनल चरण शुरू होगा। सेक्टर-3 स्थित ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लीग का शुभारंभ करेंगे। उद्घाटन पर पंजाबी गायक कंवर ग्रेवाल प्रस्तुति देंगे। 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले मुकाबलों में अलग-अलग जिलों की 32 विजेता टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी।
आयोजक सुदेश भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्य संजीव सूद ने बताया कि लीग में 3400 टीमों और करीब 55 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी हुई है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में जिला-जोनल स्तर के करीब 90% मुकाबले पूरे हो चुके हैं। पंचकूला की 92 टीमों में बिल्ला गांव की टीम चैंपियन बनकर अंतिम 32 में पहुंची है।
21 लाख विजेता के, 11 लाख रनरअप को: विजेता टीम को 21 लाख, उपविजेता को 11 लाख, तीसरे स्थान पर 5 लाख और चौथे स्थान पर 2.5 लाख रुपए मिलेंगे। प्लेयर ऑफ द सीरीज को ईवी वाहन समेत अन्य पुरस्कार दिए जाएंगे। मुकाबले 10-10 ओवर के होंगे और दोपहर 2 बजे से रात 2 बजे तक फ्लड लाइट में चलेंगे। दर्शकों की एंट्री फ्री रहेगी। 14 ओटीटी चैनलों पर लाइव प्रसारण होगा।
क्रिकेट से संतों तक जुटेगा जमावड़ा: लीग में क्रिस गेल, सुरेश रैना, मनकीरत औलख समेत खेल और मनोरंजन जगत की हस्तियां पहुंचेंगी। आध्यात्मिक जगत से आचार्य धीरेंद्र शास्त्री, जया किशोरी, स्वामी ज्ञानानंद और महंत रविंद्र पुरी महाराज के शामिल होने की जानकारी आयोजकों ने दी है। चंडीगढ़ की किन्नर और दिव्यांग टीमों के प्रदर्शनी मैच भी होंगे। 4 अक्टूबर को नशा छोड़कर मुख्यधारा में लौटे युवाओं को सम्मानित किया जाएगा।