सैनिकों के शौर्य और परिवारों के दर्द की कहानी है हरियाणवी फिल्म ‘जो लेख लिखे राम ने’
23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म, स्टारकास्ट की मौजूदगी में लॉन्च हुआ ट्रेलर
मोहाली:- सरहद पर देश की रक्षा करते सैनिकों की कुर्बानी और उनके परिवारों के अनकहे दर्द को हरियाणवी फिल्म ‘जो लेख लिखे राम ने’ में पर्दे पर उतारने की कोशिश की गई है। मोहाली के होटल रेडिसन में 9th Root International Films की इस फिल्म का ट्रेलर लॉन्च किया गया। फिल्म 23 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ट्रेलर लॉन्च के दौरान फिल्म की स्टार कास्ट राजेंद्र गुप्ता, साक्षी ओहल्यान, संगीता जांगड़ा और डॉ. सुहासिनी मौजूद रहे। लेखक-निर्देशक रोहित आर. कौशिक और निर्माता शलभ कंबोज ने भी फिल्म से जुड़े अनुभव साझा किए।
फिल्म में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के साथ उनके परिवारों के त्याग, साहस और भावनात्मक संघर्ष को दिखाने का प्रयास किया गया है। हरियाणा की वीरभूमि और सैनिक परंपरा को कहानी का अहम आधार बनाया गया है। फिल्म ऑपरेशन सिंदूर की भावना और राष्ट्र के प्रति समर्पण को भी नमन करती है।
निर्माताओं के अनुसार, ‘जो लेख लिखे राम ने’ का उद्देश्य दर्शकों को उन परिवारों की भावनाओं से जोड़ना है, जिनकी जिंदगी देश के लिए अपनों की कुर्बानी के बाद बदल जाती है। फिल्म 23 अक्टूबर से नजदीकी सिनेमाघरों में देखी जा सकेगी।