चंडीगढ़ मौलीजागरा में भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा आज मौलीजागरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला कार्यालय का विधिवत उद्घाटन प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम संगठनात्मक एकजुटता, समर्पण और आगामी चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के संकल्प का प्रतीक बना।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष भूपिंदर सिंह सैनी ने प्रदेश, जिला, मोर्चा एवं मंडल स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया। उन्होंने नए जिला कार्यालय को संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा आम जनता के साथ पार्टी के संपर्क को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने उपस्थित कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन के प्रति निष्ठा, अनुशासन और निरंतर सक्रियता का संदेश दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बिना थके, बिना रुके और पूरी निष्ठा के साथ पार्टी के कार्यों में जुटे रहें। उन्होंने संगठन की शक्ति को कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और आपसी एकजुटता में निहित बताते हुए जनसेवा के माध्यम से जनता का विश्वास निरंतर मजबूत करने पर बल दिया।
प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं को संगठनात्मक जिम्मेदारियों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी की सफलता का आधार है और प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भूमिका भाजपा को नई ऊंचाइयों तक ले जाने में महत्वपूर्ण है।
जिला अध्यक्ष भूपिंदर सिंह सैनी ने अपने संबोधन में जिले के सभी छह मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने और आगामी चुनावों की तैयारियों में एकजुट होकर जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता संगठन की रीढ़ है और सामूहिक प्रयासों, समर्पण तथा जनसंपर्क के माध्यम से प्रत्येक वार्ड में भाजपा की स्थिति को और मजबूत किया जाएगा।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि वे आपसी तालमेल, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ जनता के बीच सक्रिय रहेंगे तथा आगामी चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करेंगे।
मौलीजागरा में जिला कार्यालय का उद्घाटन भाजपा चंडीगढ़ के संगठनात्मक विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इस कार्यालय के माध्यम से पार्टी की गतिविधियों को व्यवस्थित रूप से संचालित करने, कार्यकर्ताओं को एकजुट रखने और जनसमस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी समन्वय स्थापित करने में सहायता मिलेगी।
कार्यक्रम का समापन संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाने तथा आगामी चुनावों में भाजपा की विजय के लक्ष्य को प्राप्त करने के दृढ़ संकल्प के साथ हुआ।