1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने वार्षिक मसीही सम्मेलन में लिया हिस्सा, विजय बेनेडिक्ट ने पेश किया सुसमाचार संगीत
चंडीगढ़:- सेक्टर-18ए स्थित क्राइस्ट चर्च सीएनआई में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक मसीही सम्मेलन (वार्षिक मसीही सम्मेलन) के दूसरे दिन 1000 से अधिक श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान बाइबल के संदेश, आध्यात्मिक प्रवचन और सुसमाचार संगीत के जरिए लोगों को विश्वास, आशा और प्रेम का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में बैपटिस्ट स्कूल सेक्टर-45 के डायरेक्टर अरुण मसीह और कैथोलिक चर्च सेक्टर-19 के रेव. फादर प्रेमानंद विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
दिल्ली से पहुंचीं मुख्य वक्ता सिस्टर रूबी लाल ने न्यू टेस्टामेंट के जॉन 11:25-27 और 11:38-44 के संदर्भ में परमेश्वर का संदेश साझा किया। वह देश-विदेश में विभिन्न चर्च और संप्रदायों के बीच सुसमाचार का प्रचार करती हैं। उन्होंने मैकग्रा हिल एजुकेशन में 32 वर्षों तक हेड ऑफ एडमिनिस्ट्रेशन के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
बॉलीवुड के पूर्व प्लेबैक सिंगर विजय बेनेडिक्ट ने बांधा समां
कार्यक्रम का खास आकर्षण पूर्व बॉलीवुड प्लेबैक सिंगर और क्रिश्चियन गॉस्पेल गायक ब्रदर विजय बेनेडिक्ट की प्रस्तुति रही। उन्होंने अपने सुसमाचार संगीत के माध्यम से श्रद्धालुओं को आस्था, उम्मीद और मुक्ति का संदेश दिया। बॉलीवुड में कई प्रसिद्ध कलाकारों के साथ काम कर चुके विजय बेनेडिक्ट अब संगीत के जरिए ईश्वर का संदेश लोगों तक पहुंचा रहे हैं।
चर्च के प्रेस्बिटर-इन-चार्ज रेव. राजन शारदा ने पदाधिकारियों के साथ सभी श्रद्धालुओं का स्वागत किया। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीन दिवसीय सम्मेलन लोगों के जीवन में आध्यात्मिक चेतना और विश्वास को मजबूत करेगा। चर्च की कोर मैनेजमेंट कमेटी की ओर से श्रद्धालुओं के लिए सामूहिक भोजन की व्यवस्था भी की गई।
सम्मेलन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक क्राइस्ट चर्च सीएनआई, सेक्टर-18ए में आयोजित किया जा रहा है।