चंडीगढ़ की लंबित समस्याओं के समाधान के लिए भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासक गुलाबचंद कटारिया से की मुलाकात, जनहित के फैसलों के लिए जताया आभार
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश के अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा की अध्यक्षता में आज एक प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के प्रशासक एवं पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया से मुलाकात की। इस अवसर पर चंडीगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रभारी महेंद्र पांडे, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन तथा चंडीगढ़ के महापौर सौरभ जोशी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
मुलाकात के दौरान प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने चंडीगढ़ के नागरिकों से जुड़ी लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासक गुलाबचंद कटारिया द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा जनभावनाओं और आम नागरिकों की परेशानियों को समझते हुए लिए गए निर्णय निश्चित रूप से शहरवासियों के लिए बड़ी राहत लेकर आए हैं।
विशेष रूप से चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के निवासियों को राहत प्रदान करने वाले ऐतिहासिक निर्णयों की सराहना करते हुए जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि पिछले लंबे समय से जीपीए (GPA) के माध्यम से संपत्ति प्राप्त करने वाले हजारों परिवार अपने मकानों को अपने नाम पर स्थानांतरित करवाने को लेकर परेशानियों का सामना कर रहे थे। उनकी इस लंबे समय से चली आ रही समस्या को समझते हुए चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड द्वारा जीपीए धारकों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मकान अपने नाम पर ट्रांसफर करवाने की अनुमति देना एक अत्यंत सराहनीय और जनहितकारी कदम है। इससे बड़ी संख्या में परिवारों को राहत मिलेगी और उनकी संपत्ति से जुड़ी अनिश्चितता दूर होगी।
इसके साथ ही ईडब्ल्यूएस श्रेणी के मकानों में रहने वाले किरायेदारों के मासिक किराये को 3,000 रुपये से घटाकर मात्र 800 रुपये करने के फैसले का भी भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने स्वागत किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह निर्णय आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के परिवारों के लिए बड़ी राहत है। महंगाई के इस दौर में किराये में इतनी बड़ी कटौती से हजारों परिवारों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।
जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि भाजपा का सदैव प्रयास रहा है कि जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर उठाया जाए और उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित हो। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ के नागरिकों को वर्षों से जिन समस्याओं के समाधान की प्रतीक्षा थी, उन पर प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल करना सराहनीय है।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने चंडीगढ़ की अन्य महत्वपूर्ण एवं लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर प्रशासक गुलाबचंद कटारिया को एक विस्तृत मांग पत्र भी सौंपा। उन्होंने आग्रह किया कि इन समस्याओं पर भी प्राथमिकता के आधार पर विचार करते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शहरवासियों को अधिक से अधिक राहत मिल सके।
जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासक के सकारात्मक दृष्टिकोण और प्रशासन के सहयोग से चंडीगढ़ की शेष लंबित समस्याओं का भी जल्द समाधान होगा तथा शहर विकास, जनसुविधाओं और नागरिक हितों के मामले में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा