कल्जीखाल के हीरांस और जय ज्वालपा गौधाम का किया निरीक्षण, पर्याप्त चारा रखने के दिए निर्देश
गौधामों में चारा-पानी समेत व्यवस्थाओं का संयुक्त मजिस्ट्रेट ने लिया जायज़ा
पौड़ी:- संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात ने विकासखंड कल्जीखाल के हीरांस गौधाम एवं जय ज्वालपा गौधाम का निरीक्षण कर गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायज़ा लिया। उन्होंने गौधामों में चारा, पानी, साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए संबंधितों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जय ज्वालपा गौधाम के निरीक्षण के दौरान संयुक्त मजिस्ट्रेट ने गौधाम में मौजूद गोवंश की संख्या तथा उनकी देखभाल के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि गोवंश की सुरक्षा एवं देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया जाए।
वहीं, हीरांस गौधाम में उन्होंने चारा स्टोर का निरीक्षण कर उपलब्ध चारे की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिए कि गौधाम में गोवंश के लिए पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध रखा जाए, ताकि किसी भी स्थिति में चारे की कमी न हो। साथ ही उन्होंने समय-समय पर पशुपालन विभाग की टीम को गौधाम में भेजकर गोवंश का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के निर्देश दिए।
संयुक्त मजिस्ट्रेट ने कहा कि गौधामों में गोवंश के लिए पर्याप्त चारा-पानी के साथ ही स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित संचालकों को व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने के भी निर्देश दिए।
इस अवसर पर कानूनगो दशरथ नाथ, राजस्व उपनिरीक्षक सूरज सिंह, नीमा, शिव सिंह रावत सहित गौधाम संचालक उपस्थित रहे।