जिला योजना के कार्यों को समयबद्धता और गुणवत्ता के साथ पूरा करें: सीडीओ
पौड़ी:- मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला योजना एवं बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला योजना के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों की प्रगति और बीस सूत्री कार्यक्रम के विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने पर जोर दिया गया।
जिला योजना की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को प्रथम किश्त के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूर्ण करते हुए दूसरी किश्त के लिए समय से मांग प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने धरातल पर पूर्ण हो चुके कार्यों का प्राथमिकता के आधार पर भुगतान सुनिश्चित करने तथा शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करें और विकास कार्यों की नियमित निगरानी करते हुए उनकी गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, पेयजल निगम, सिंचाई, कृषि एवं संस्कृति विभाग सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना के अनुरूप प्रगति बढ़ाने और आगामी बैठक तक निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में प्रभावी प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि विकास योजनाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचाने के लिए कार्यों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन आवश्यक है। साथ ही उन्होंने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए धनराशि के सदुपयोग और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति पर जोर दिया।
बीस सूत्री कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने विभागों के निर्धारित लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करने तथा प्रगति में निरंतर सुधार लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग समन्वित प्रयासों से कार्यक्रम के विभिन्न बिंदुओं पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करें।
बैठक में परियोजना निदेशक डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय, जिला विकास अधिकारी रमेश चंद, डीएसटीओ राम सलोने, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. विशाल शर्मा, जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पांडे, जिला शिक्षा अधिकारी (बेसिक) अंशुल बिष्ट, परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्रप्रकाश उपाध्याय, जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित डोबरिया, जिला मत्स्य अधिकारी अभिषेक मिश्रा, जिला परिवीक्षा अधिकारी अरविंद कुमार, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।