जेन जी को इंस्टा रील से हटाकर हाईटेक रामलीला में अपनी संस्कृति से रूबरू का होगा प्रयास : विपनजीत
10 अक्टूबर से शुरू होगी रामलीला, एडवांस तकनीक, लाइट एंड साउंड, डिजाइनर कॉस्ट्यूम और हाईटेक सुरक्षा पर जोर
चंडीगढ़:- भगवान श्रीराम की लीला शुरू होने की तारीख 10 अक्टूबर जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, शहर की रामलीला मंडलियों की तैयारियां भी अंतिम दौर में पहुंच रही हैं। इस बार रामलीला मंचन में परंपरा के साथ आधुनिक तकनीक का मेल देखने को मिलेगा। एडवांस तकनीक, लाइट एंड साउंड शो, डिजाइनर कॉस्ट्यूम, हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था के साथ फुल ड्रेस रिहर्सल को भी खास महत्व दिया जा रहा है।
श्री राम सेवक युवा कला मंच सेक्टर 48की ओर से आयोजित होने वाली रामलीला की तैयारियों के बारे में मंच के अध्यक्ष विपनजीत सिंह अमन ने बताया कि इस बार खास प्रयास युवाओं को रामलीला और भारतीय संस्कृति से जोड़ने का है।
उन्होंने कहा, “हम चाहते हैं कि जेन जी इंस्टाग्राम रील्स की दुनिया से कुछ समय बाहर आए और भगवान श्रीराम की लीला को करीब से देखे। जब युवा रामलीला के प्रसंगों को सामने घटित होते हुए देखेंगे तो उन्हें अपनी संस्कृति और परंपराओं का एहसास होगा। हमारा प्रयास है कि भगवान श्रीराम के आदर्शों और संस्कृति का यह प्रतिबिंब उनके मन में गहराई से उतरे और वे इसे अपने जीवन में भी अपनाएं।”
प्रेसिडेंट विपणजीत सिंह अमन, दीपक गर्ग, संजीव मलिक,जगदीश कुमार, रजिंदर सिंह, गुरिंदर सिंह, सुरिंदर कुमार ने बताया कि मंचन को प्रभावशाली बनाने के लिए कलाकारों की रिहर्सल के साथ तकनीकी व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। लाइट, साउंड, मंच सज्जा, वेशभूषा और सुरक्षा व्यवस्था की अलग-अलग स्तर पर जांच की जा रही है, ताकि रामलीला के दौरान दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।