उद्योग-सरकार के मजबूत तालमेल से ही साकार होगा विकसित भारत : दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू

चंडीगढ़:- पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (PHDCCI) ने अपने पंजाब, हरियाणा एवं चंडीगढ़ चैप्टर्स तथा रीजनल फैशन टेक टेक फोरम के सहयोग से चंडीगढ़ में दिल्ली के उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू के सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया। इस अवसर पर “ट्रांसफॉर्मिंग ग्रोथ : विजन, इनोवेशन एंड सस्टेनेबिलिटी” विषय पर विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपति, उद्यमी, नीति-निर्माता और विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हुए। सत्र में नवाचार, निवेश आकर्षित करने और सतत आर्थिक विकास को गति देने के उपायों पर विस्तृत चर्चा की गई।

मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए उपराज्यपाल तरणजीत सिंह संधू ने कहा कि भारत नवाचार, उद्यमिता, तकनीकी प्रगति और सतत विकास के बल पर परिवर्तन के दौर से गुजर रहा है। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उद्योग, सरकार, शिक्षण संस्थानों और अनुसंधान संगठनों के बीच मजबूत सहयोग आवश्यक है। उन्होंने उद्योग जगत से उभरती तकनीकों को अपनाने, कौशल विकास में निवेश बढ़ाने, गुणवत्तापूर्ण रोजगार सृजित करने तथा वैश्विक बाजारों में भारत की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयास भारत को वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी और नवाचार-आधारित अर्थव्यवस्था बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

पीएचडीसीसीआई पंजाब के चेयर करण गिल्होत्रा ने कहा कि यह स्वागत समारोह उद्योग और सरकार के बीच सार्थक संवाद का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ है। ऐसे कार्यक्रम प्रगतिशील नीतियों के निर्माण, नवाचार को बढ़ावा देने, निवेश आकर्षित करने और औद्योगिक विस्तार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने में सहायक होते हैं। रीजनल फैशन टेक टेक फोरम की चेयर हिमानी अरोड़ा ने कहा कि यह कार्यक्रम उद्योग-सरकार साझेदारी को मजबूत करने के प्रति पीएचडीसीसीआई की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि स्थिरता, नवाचार, डिजिटल परिवर्तन और भविष्य की व्यावसायिक रणनीतियों पर हुई चर्चा क्षेत्र के औद्योगिक और उद्यमशील पारिस्थितिकी तंत्र को नई दिशा देगी।

पीएचडीसीसीआई के डिप्टी सेक्रेटरी जनरल नवीन सेठ ने कहा कि यह आयोजन नीति-निर्माताओं और उद्योग जगत के बीच रचनात्मक संवाद एवं विचार-विमर्श का प्रभावी मंच बना। इससे निवेश, नवाचार और सतत विकास के लिए साझा रोडमैप तैयार करने में मदद मिलेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उद्योगपतियों, व्यापारिक संगठनों, उद्यमियों और पीएचडीसीसीआई सदस्यों ने भाग लिया। आयोजन ने क्षेत्र में उद्योग विकास, नीति समर्थन और सार्वजनिक-निजी भागीदारी को बढ़ावा देने में पीएचडीसीसीआई की महत्वपूर्ण भूमिका को पुनः रेखांकित किया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *