अमित शाह ने चंडीगढ़ के विकास को दी नई गति, ₹258 करोड़ की परियोजनाओं का किया उद्घाटन एवं शिलान्यास
चंडीगढ़:- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने आज चंडीगढ़ में ₹258 करोड़ की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया, राज्यसभा सांसद सतनाम सिंह संधू चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। अपने संबोधन में अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चंडीगढ़ के विकास के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और कांग्रेस, राहुल गांधी तथा विपक्षी गठबंधन पर तीखा प्रहार किया।
अमित शाह ने कहा कि 1 नवंबर 1984 को कांग्रेस के शासनकाल में दिल्ली में हजारों निर्दोष सिखों का निर्मम नरसंहार किया गया था। हजारों सिख भाइयों को जिंदा जला दिया गया, अनेक परिवारों को अपने घर छोड़ने पड़े, कई बच्चे अनाथ हो गए, अनेक महिलाएं विधवा हुईं और हजारों परिवार उजड़ गए। उस समय तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने कहा था कि “जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो धरती हिलती है।” उन्होंने कहा कि आज उसी राजीव गांधी के बेटे राहुल गांधी ने दिल्ली में रैली आयोजित कर 1984 के दंगा पीड़ितों के जख्मों पर नमक छिड़कने का काम किया है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और सिख समाज की ओर से बार-बार अपील की गई थी कि 1, 2 और 3 नवंबर को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़ी संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली में कोई रैली या प्रदर्शन आयोजित न किया जाए, लेकिन राहुल गांधी ने इन भावनाओं की अनदेखी करते हुए उसी दिन रैली करने का निर्णय लिया, जिस दिन हजारों सिखों का नरसंहार हुआ था। देश और पंजाब की जनता राहुल गांधी के इस आचरण को कभी नहीं भूलेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की कथित ‘मोहब्बत की दुकान’ वास्तव में नफरत की दुकान है।
अमित शाह ने कहा कि दिल्ली के व्यापारियों ने भी राहुल गांधी से अपील की थी कि वे अपनी रैली दीपावली के बाद आयोजित करें, क्योंकि इससे व्यापारियों को हजारों करोड़ रुपये का नुकसान हो सकता है। इसके बावजूद कांग्रेस ने अपनी जिद नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के छोटे व्यापारियों ने लगातार तीन चुनावों में कांग्रेस को अपना खाता तक नहीं खोलने दिया है और अगले तीन चुनावों में भी कांग्रेस का यही हाल होगा।
उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष पिछले 15 वर्षों से चुनाव हार रहा है और अब उसने संसद की कार्यवाही बाधित करने तथा सड़क पर अराजकता फैलाने का नया रास्ता अपना लिया है। राहुल गांधी जीवनभर नकली संसद में प्रधानमंत्री बनने का सपना देखते रहें, लेकिन वास्तविकता में उनका यह सपना कभी पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि झूठ फैलाना, नकारात्मकता पैदा करना और संसद की कार्यवाही बाधित करना राहुल गांधी की राजनीतिक कार्यशैली बन गई है। जनता सब देख रही है और आने वाले लोकसभा चुनाव में इसका जवाब देगी।
केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने 1984 के दंगों से जुड़े मामलों को दोबारा खुलवाया, पीड़ित परिवारों को प्रति परिवार ₹5 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की और दंगों में शामिल कांग्रेस के प्रमुख नेताओं को जेल भेजने का काम किया। उन्होंने कहा कि भारत ने इससे पहले कभी राजनीतिक संरक्षण में इस प्रकार का नरसंहार नहीं देखा था और भविष्य में कभी ऐसा नहीं होने दिया जाएगा।
अमित शाह ने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश अभूतपूर्व गति से विकास कर रहा है, वहीं दूसरी ओर विपक्ष संसद को चलने नहीं दे रहा। मोदी सरकार ने अनुच्छेद 370 को समाप्त किया, नक्सलवाद का सफाया किया और तीन तलाक जैसी कुप्रथा को समाप्त किया। उन्होंने संकल्प दोहराया कि 31 दिसंबर 2029 तक पंजाब सहित पूरे देश को नशामुक्त बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश के बुनियादी ढांचे में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। आज भारत में दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम, सबसे ऊंचा ओवरब्रिज और सबसे लंबे पुलों का निर्माण हो रहा है। देश में ₹11 लाख करोड़ की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम चल रहा है। गरीबों के घरों तक बिजली और शौचालय की सुविधा पहुंचाई गई है, प्रत्येक गरीब परिवार को बैंक खाता उपलब्ध कराया गया है और हर गरीब व्यक्ति को प्रति माह 5 किलो मुफ्त खाद्यान्न दिया जा रहा है। बच्चों की शिक्षा के लिए नए विद्यालय भी खोले जा रहे हैं।
महिला आरक्षण के विषय पर बोलते हुए अमित शाह ने कहा कि राहुल गांधी और इंडी गठबंधन के नेता संसद की कार्यवाही बाधित कर रहे हैं, ताकि देश की माताओं और बहनों को 33 प्रतिशत आरक्षण का अधिकार न मिल सके। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिलाने के लिए संकल्पबद्ध हैं और यह सरकार का दृढ़ संकल्प है। देश की जनता इन सभी घटनाक्रमों पर नजर रख रही है और वर्ष 2029 के चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने पंजाब में भी आगामी चुनावों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां एनडीए की सरकार बनना आवश्यक है।
चंडीगढ़ के विकास पर प्रकाश डालते हुए अमित शाह ने कहा कि आज का दिन चंडीगढ़ के लिए ऐतिहासिक और विशेष महत्व रखता है। 1 नवंबर 1966 को चंडीगढ़ की स्थापना हुई थी, इसी दिन हरियाणा का गठन हुआ था और चंडीगढ़ पुलिस की स्थापना भी इसी दिन हुई थी। चंडीगढ़ पुलिस को आज ही के दिन राष्ट्रपति का सम्मानित कलर भी प्राप्त हुआ था।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1966 से 2026 तक की 60 वर्षों की यात्रा में चंडीगढ़ ने सुनियोजित शहरी विकास के क्षेत्र में पूरे देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। जब भी देश में सुनियोजित शहरों की चर्चा होती है तो चंडीगढ़ का नाम सबसे पहले आता है। उत्तर भारत के लोगों के दिलों में चंडीगढ़ का विशेष स्थान है।
अमित शाह ने कहा कि आज चंडीगढ़ प्रशासन की शिक्षा, स्वास्थ्य, न्याय, प्रशासन, अनुसंधान और नवाचार से जुड़ी ₹258 करोड़ की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया गया है। इनमें ₹68 करोड़ की लागत से तैयार सीटीयू बस डिपो का उद्घाटन तथा पुलिस कर्मियों के लिए ₹68 करोड़ की लागत से निर्मित टाइप-3 आवासीय क्वार्टर शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार का लक्ष्य चंडीगढ़ को देश की नंबर-1 प्रशासनिक इकाई बनाना है। वर्ष 2029 से पहले चंडीगढ़ पुलिस को आवासीय संतुष्टि दर के मामले में देश में प्रथम स्थान पर पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
अंत में अमित शाह ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चंडीगढ़ विकास, सुशासन, आधुनिक बुनियादी ढांचे और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।