चंडीगढ़:- हरियाणा के सोनीपत स्थित ओपी जिंदल यूनिवर्सिटी में आयोजित हरियाणा स्टेट एमएमए चैंपियनशिप में किंग्स एमएमए फाइट क्लब, चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सात पदक अपने नाम किए। इस प्रतियोगिता में चंडीगढ़ के खिलाड़ियों ने दो गोल्ड, तीन सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।
एमएमए स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ हरियाणा (MMASFH) की ओर से आयोजित इस चैंपियनशिप में गौरव कंबोज और भानु प्रताप सिंह ने गोल्ड मेडल जीतकर क्लब का नाम रोशन किया। वहीं अक्षय, भविष्य सोनी और शिवम ने सिल्वर तथा कुणाल पवार और ताज खान ने ब्रॉन्ज मेडल हासिल किए। इनके अलावा आदित्य कृष्णा, रवि कुमार और अभिषेक ने भी प्रतियोगिता में क्लब का प्रतिनिधित्व किया।
प्रतियोगिता का आयोजन ध्रुव सान्याल, पुलकित और उदय राणा की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर मिनर्वा अकादमी के संस्थापक रंजीत बजाज, प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल, एशियन गेम्स पदक विजेता सुचिका तारियाल और हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा भी मौजूद रहे।
किंग्स एमएमए के कोच सूरज कबीर वर्मा और असिस्टेंट कोच नमन शर्मा ने खिलाड़ियों की मेहनत और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि टीम का लक्ष्य अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का प्रतिनिधित्व करना है। उन्होंने कहा कि एमएमए स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ हरियाणा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और इस खेल को देशभर में लोकप्रिय बनाने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है।