बैंड-बाजों और हरिनाम संकीर्तन से गूंजा सेक्टर-45, 251 कलशों के साथ निकली भव्य कलश यात्रा
चंडीगढ़:- बैंड-बाजों की मधुर धुन, हरिनाम संकीर्तन और श्रद्धालुओं की आस्था से सेक्टर-45 का वातावरण भक्तिमय हो उठा। अवसर था 15वीं श्रीमद् भागवत महापुराण कथा के शुभारंभ का, जिसके उपलक्ष्य में श्री राधा वल्लभ भागवत सेवा ट्रस्ट की ओर से विधि-विधान के साथ 251 कलशों की भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
सेक्टर-45 स्थित सब्जी मंडी से शुरू हुई यह कलश यात्रा श्रद्धा और उल्लास का अनूठा संगम रही। बैंड-बाजों के साथ श्रद्धालु और विभिन्न संकीर्तन मंडलियां भगवान श्री हरि का गुणगान करते हुए आगे बढ़ीं। यात्रा जिन-जिन मार्गों से होकर गुजरी, वहां स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया। पूरे मार्ग में भक्ति गीतों और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।
कलश यात्रा में एक सुसज्जित रथ विशेष आकर्षण का केंद्र रहा, जिसमें कथा व्यास विजय शास्त्री जी विराजमान थे। श्रद्धालुओं ने पूरे भक्ति भाव के साथ उनका आशीर्वाद प्राप्त किया और कथा स्थल तक यात्रा में सहभागिता की।
उल्लेखनीय है कि श्री राधा वल्लभ भागवत सेवा ट्रस्ट की ओर से 3 से 10 अक्टूबर तक सेक्टर-45 स्थित सब्जी मंडी ग्राउंड, चंडीगढ़ में 15वीं श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है।
कथा स्थल पर पहुंचने के बाद संकीर्तन मंडलियों ने भगवान श्री हरि के भजनों से माहौल को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। इसके उपरांत कथा व्यास विजय शास्त्री जी ने श्रद्धालुओं को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण करवाया। कथा के माध्यम से उन्होंने माता-पिता के सम्मान और अच्छे संस्कारों को जीवन का आधार बनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर न्यू एकता मार्किट शॉपकीपर्स, सेक्टर-45 के चेयरमैन एवं केंद्रीय रामलीला महासभा, चंडीगढ़ के अध्यक्ष श्री भूपिंदर शर्मा, श्री राधा वल्लभ भागवत सेवा ट्रस्ट के सदस्य श्री विशाल शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।