₹3 हजार बुढ़ापा पेंशन; 58 साल से, महिलाओं को ₹3 हजार मासिक सहायता और मुफ्त बस यात्रा का ऐलान; पंजाब की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी पार्टी
चंडीगढ़:- पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले राष्ट्रीय लोक स्वराज पार्टी ने अपना नीतिगत रोडमैप सामने रखते हुए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष रणवीर सिंह शर्मा, IPS और राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. चन्द्र गुप्ता ने पंजाब में खसखस सहित अफीम की खेती को नियंत्रित एवं कानूनी दायरे में लाने की योजना का ऐलान किया। गौरतलब है कि पार्टी सर्व धर्म सर्व समाज के सिद्धांत पर काम करता है ।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ चंद्र गुप्ता ने कहा कि अफीम की खेती को पूरी तरह प्रतिबंधित रखने के बजाय इसे सख्त सरकारी नियंत्रण और नियमन के दायरे में लाने की दिशा में नीति तैयार की जाएगी। उन्होंने इसे किसानों की आय और कृषि विविधीकरण से जोड़ते हुए अपनी योजना का हिस्सा बताया।
पार्टी ने किसानों के लिए स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों के आधार पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) सुनिश्चित करने का प्रस्ताव रखा। इसके अलावा पंजाब में बिजली मुफ्त, शिक्षा केंद्रों को बेहतर बनाने और गांवों तथा शहरों में स्थानीय स्वशासन को मजबूत करने की बात कही गई।
सामाजिक कल्याण के मोर्चे पर पार्टी ने 58 वर्ष की आयु से ₹3,000 मासिक बुढ़ापा पेंशन, महिलाओं को ₹3,000 मासिक सहायता तथा महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा का प्रस्ताव रखा। पार्टी ने बेटी के जन्म पर एक तोला सोना देने की योजना भी घोषित की।
फाउंडर अध्यक्ष रणबीर शर्मा पूर्व आई जी हरियाणा पुलिस ने कहा कि शासन-प्रशासन में आम लोगों की भागीदारी बढ़ाना उसके प्रमुख एजेंडों में शामिल रहेगा। राष्ट्रीय लोक स्वराज पार्टी ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव में सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की घोषणा भी की।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने कहा कि उनका राजनीतिक रोडमैप पंजाब में किसानों, महिलाओं, बुजुर्गों, युवाओं और स्थानीय समुदायों से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है।