सोनीपत:- विकसित भारत के निर्माण में देश के युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आयोजित विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (VBYLD) 2027 के अंतर्गत आईसीएस कोचिंग सेंटर की 100 से अधिक शाखाओं में हजारों युवा विद्यार्थियों ने एक साथ क्विज में उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने क्विज में बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए अपनी जागरूकता, ज्ञान एवं विकसित भारत के निर्माण के प्रति रुचि का परिचय दिया।
इस अवसर पर मायभारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मोहित राठी, कार्यक्रम सहायक तथा आईसीएस कोचिंग सेंटर के निदेशक परिमल कुमार ने विद्यार्थियों को विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद (VBYLD) 2027 के उद्देश्य, महत्व एवं विभिन्न चरणों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। विद्यार्थियों को क्विज में पंजीकरण एवं सहभागिता की प्रक्रिया के बारे में चरणबद्ध तरीके से मार्गदर्शन दिया गया तथा उन्हें इस राष्ट्रीय युवा पहल में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
विकसित भारत युवा नेतृत्व संवाद देश के युवाओं को विकसित भारत की परिकल्पना से जोड़ने तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने की एक महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से युवाओं को अपने विचारों, ज्ञान, रचनात्मक सोच एवं नेतृत्व क्षमता को सामने रखने का अवसर प्रदान किया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि क्विज इस संवाद की यात्रा का महत्वपूर्ण प्रारंभिक चरण है, जिसके माध्यम से युवा विभिन्न राष्ट्रीय एवं विकासात्मक विषयों के प्रति अपनी समझ को मजबूत कर आगे की गतिविधियों में सहभागिता के लिए स्वयं को तैयार कर सकते हैं। युवाओं की सक्रिय भागीदारी, उनके विचार एवं नेतृत्व क्षमता विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।
आईसीएस कोचिंग सेंटर की 100 से अधिक शाखाओं में एक साथ हजारों युवाओं की सहभागिता इस बात का प्रमाण है कि हरियाणा के युवा विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने तथा राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए उत्साहित हैं। इस प्रकार की पहल युवाओं में नेतृत्व क्षमता, जागरूकता, रचनात्मक सोच और राष्ट्र के प्रति उत्तरदायित्व की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने में सहायक सिद्ध हो रही है।
इस अवसर पर कपिल कुमार, सोनीपत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।