नया गांव:- बिहार सभा, नया गांव (बिहार कॉलोनी) की ओर से छठ महापर्व श्रद्धा, भक्ति एवं पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर नाडा के नया पुल के समीप नदी किनारे कृत्रिम घाट का निर्माण कर पूजा-अर्चना की विशेष व्यवस्था की गई थी। सुबह उदीयमान सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित करने के लिए लगभग 2 से 3 हजार श्रद्धालु घाट पर एकत्रित हुए।
श्रद्धालुओं ने विधि-विधान एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सूर्य देव एवं छठी मैया की पूजा-अर्चना की। इस दौरान हवन का आयोजन भी किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने आहुतियां अर्पित कर परिवार एवं क्षेत्र की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन हुआ।
बिहार सभा के सदस्यों अनिल मंडल, दलीप मंडल, पूरण पासवान, गोविंद पासवान, रामप्रीत पासवान, श्रवण भंडारी एवं सुरेश भंडारी (फूल) ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा एवं धार्मिक आयोजन को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नदी किनारे कृत्रिम घाट तैयार किया गया था, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से पूजा-अर्चना में भाग लिया।
पूजा संपन्न होने के उपरांत छठी मैया, सूर्य देव एवं उनके घोड़ों की प्रतिमाओं का विधिवत जयंती डैम में विसर्जन किया गया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह एवं भक्ति का माहौल बना रहा।