केवट ने प्रभु राम के चरण धोकर पार लगाई नैया, सेक्टर-48 की रामलीला में भावुक हुआ माहौल
चंडीगढ़:- सेक्टर-48 की रामलीला में केवट प्रसंग का भावपूर्ण मंचन किया गया। प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के वनवास के दौरान गंगा पार करने के प्रसंग ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। केवट की प्रभु राम के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण को कलाकारों ने जीवंत अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया।
प्रसंग के अनुसार, वनवास के दौरान जब प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण गंगा तट पर पहुंचे, तो उन्हें नदी पार करने के लिए केवट की नाव की आवश्यकता पड़ी। केवट ने प्रभु राम के चरण धोने के बाद ही उन्हें नाव में बैठाने की बात कही। उसने विश्वास जताया कि प्रभु के चरणों की धूल से उसकी नाव भी कहीं किसी अन्य रूप में न बदल जाए। केवट की इस अनूठी भक्ति और भोलेपन ने दर्शकों के चेहरों पर मुस्कान ला दी।
प्रभु राम ने केवट की भावना को स्वीकार किया और केवट ने तीनों को गंगा पार करवाई। इस दृश्य में भक्ति और भगवान के बीच प्रेम का अनूठा संबंध देखने को मिला। मंचन के दौरान दर्शकों ने जय श्रीराम के जयकारों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
सेक्टर-48 की रामलीला में इस बार आधुनिक तकनीक, आकर्षक मंच सज्जा और प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से रामायण के प्रसंगों को नए अंदाज में प्रस्तुत किया जा रहा है। आयोजकों का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, मर्यादा और भगवान श्रीराम के आदर्शों से जोड़ना है।