महेंद्र पांडे ने कार्यकर्ताओं में भरा जोश, सभी 35 वार्ड जीतने का संकल्प
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश की कार्यकारिणी बैठक प्रदेश कार्यालय कमलम, सेक्टर-33 में प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में चंडीगढ़ प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी महेंद्र पांडे उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, राजनीतिक प्रस्ताव, विकास कार्यों और आगामी कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस प्रदेश कार्यकारिणी में प्रदेश स्तर से लेकर शक्ति केंद्र प्रमुख तक के पदाधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य रूप से भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन, अरुण सूद एवं पूर्व सांसद सत्यपाल जैन ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के शुभारंभ से पूर्व सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ को सामूहिक रूप से सुना। इसके पश्चात दीप प्रज्वलन एवं सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ बैठक का शुभारंभ हुआ। प्रथम सत्र का संचालन प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी ने किया। प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने नवनियुक्त प्रभारी महेंद्र पांडे का स्वागत करते हुए अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संगठन की मजबूती, जनसेवा और चंडीगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। इसके बाद प्रदेश उपाध्यक्ष भारत कुमार ने शोक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। पिछले एक वर्ष में दिवंगत हुए पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए सभी उपस्थित सदस्यों ने दो मिनट का मौन रखा।
बैठक में प्रदेश महामंत्री संजीव राणा के मंच संचालन में शक्ति प्रकाश देवशाली ने ‘राष्ट्र निर्माण, सुशासन एवं विकसित चंडीगढ़’ को समर्पित राजनीतिक प्रस्ताव प्रस्तुत किया। प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक सेवा का अभिनंदन करते हुए कहा गया कि उनके नेतृत्व में भारत ने आर्थिक विकास, आधारभूत संरचना, डिजिटल क्रांति, स्वदेशी उत्पादन, रक्षा क्षमता, अंतरिक्ष विज्ञान और वैश्विक कूटनीति सहित अनेक क्षेत्रों में प्रगति की है। राष्ट्र प्रथम, अंत्योदय तथा सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना को देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार बताया गया।
राजनीतिक प्रस्ताव में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकासोन्मुख दृष्टिकोण का चंडीगढ़ पर पड़ने वाले प्रभाव का उल्लेख करते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य, परिवहन, पर्यावरण, आवास और नागरिक सुविधाओं के क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों को रेखांकित किया गया। शिक्षा के क्षेत्र में सरकारी विद्यालयों की उपलब्धियों, पीएम श्री स्कूलों की पहल, पंजाब विश्वविद्यालय में बहुउद्देशीय सभागार तथा शैक्षणिक संस्थानों में छात्रावास सुविधाओं के विकास का उल्लेख किया गया।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में पीजीआई की उन्नत चिकित्सा सुविधाओं, एडवांस्ड मदर एंड चाइल्ड सेंटर, एडवांस्ड न्यूरोसाइंस सेंटर, क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, सेक्टर-32 में एमबीबीएस सीटों की संख्या 150 से बढ़ाकर 200 करने की पहल का जिक्र किया गया। परिवहन के क्षेत्र में इलेक्ट्रिक बसों और भारत टैक्सी मॉडल को महत्वपूर्ण पहल बताया गया। पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत सौर ऊर्जा को प्रोत्साहन तथा डड्डूमाजरा में कचरा प्रसंस्करण से जुड़ी समस्याओं के समाधान और स्थान को पार्क के रूप में विकसित करने के संकल्प पर प्रकाश डाला गया। आवास के विषय में चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड के मकानों में नीड-बेस्ड बदलावों और वायलेशन संबंधी समस्याओं के व्यावहारिक समाधान की आवश्यकता भी उठाई गई।
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं से जनसमस्याओं को प्राथमिकता देने, नागरिकों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और संगठन की जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का आह्वान किया। उन्होंने जनसेवा, पारदर्शिता और जवाबदेही को संगठनात्मक कार्यप्रणाली का महत्वपूर्ण आधार बताया।
बैठक में संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु ने संगठनात्मक विषयों एवं आगामी कार्यक्रमों को लेकर अपने विचार रखे। उन्होंने संगठनात्मक समन्वय, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी और कार्यक्रमों की प्रभावी योजना पर बल दिया। इसके बाद पार्टी के विभिन्न मोर्चों के कार्यों, गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की गई।
चंडीगढ़ प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी महेंद्र पांडे ने अपने उद्बोधन में संगठन को बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय बढ़ाने और जनसेवा के माध्यम से नागरिकों के साथ विश्वासपूर्ण संबंध स्थापित करने पर जोर दिया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से सामूहिक जिम्मेदारी के साथ संगठन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने और चंडीगढ़ के विकास में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। बैठक में आगामी नगर निगम चुनावों के मद्देनजर संगठन को मजबूत बनाने और सभी 35 वार्डों में जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
राजनीतिक प्रस्ताव में संकल्प लिया गया कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय हित, विकास और सुशासन के आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए चंडीगढ़ के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी। पिछली चुनावी चुनौतियों से सीख लेकर संगठन को बूथ एवं शक्ति केंद्र स्तर तक मजबूत बनाया जाएगा, प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय भूमिका प्रदान की जाएगी और जनसंपर्क को अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाया जाएगा।
प्रस्ताव में कहा गया कि जनता का विश्वास पार्टी की महत्वपूर्ण पूंजी है। नागरिकों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए पारदर्शिता, जवाबदेही, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देना आवश्यक है। आगामी नगर निगम चुनावों के संदर्भ में नागरिक समस्याओं के समाधान, स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान और चंडीगढ़ को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित, आधुनिक एवं नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।
अंत में प्रदेश महामंत्री संजीव राणा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे, प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा तथा सभी पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और उपस्थित कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।