भाजपा महिला मोर्चा ने चंडीगढ़ के सभी 6 जिलों में आयोजित किया ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम
सेवा ही संकल्प, सेवा ही संस्कार : बच्चों के साथ खुशियां बांटीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का किया सम्मान और लाभार्थी माताओं से किया संवाद
चंडीगढ़:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा चलाए जा रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत भाजपा महिला मोर्चा चंडीगढ़ प्रदेश की ओर से प्रदेश अध्यक्ष सोनम वर्मा के नेतृत्व में चंडीगढ़ के सभी 6 जिलों के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ खुशियां बांटना, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवा एवं समर्पण को सम्मान देना तथा केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद स्थापित करना रहा।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की सभी जिलाध्यक्षों ने अपनी-अपनी जिला टीमों के साथ सक्रिय सहभागिता करते हुए कार्यक्रमों को सफल बनाया। भाजपा के प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी एवं मंडल पदाधिकारी भी विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित रहे और सेवा कार्यों में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में नन्हे-मुन्ने बच्चों को फल, खिलौने एवं जूस वितरित किए गए। बच्चों के साथ खेल-खेल में विभिन्न आनंददायक गतिविधियां आयोजित कर उनके साथ खुशियां साझा की गईं। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को समाज एवं बच्चों के प्रति उनकी निरंतर सेवा, मेहनत और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया।
इस दौरान लाभार्थी माताओं के साथ संवाद भी किया गया तथा उनसे यह जानकारी ली गई कि उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का कितना लाभ प्राप्त हुआ है और इन योजनाओं के माध्यम से उनके जीवन में किस प्रकार सकारात्मक बदलाव आया है।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सोनम वर्मा ने कहा कि भाजपा के लिए सेवा केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संगठन की कार्यसंस्कृति और संस्कार का अभिन्न हिस्सा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर चलाया जा रहा ‘सेवा संकल्प अभियान’ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचकर सेवा, संवाद और संवेदना का संदेश दे रहा है। ‘आंगन मिलन सेवा’ के माध्यम से बच्चों के बीच खुशियां बांटने और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के योगदान को सम्मान देने का अवसर मिला है।
उन्होंने कहा कि “सेवा ही संकल्प और सेवा ही संस्कार” के भाव के साथ महिला मोर्चा समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ निरंतर जुड़कर सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए भाजपा महिला मोर्चा की सभी जिलाध्यक्षों, जिला एवं मंडल टीमों, प्रदेश पदाधिकारियों तथा सभी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा गया कि कार्यकर्ताओं के सामूहिक समर्पण और सेवा भावना से ही ऐसे जनसेवा के कार्यक्रम सफल होते हैं।