चंडीगढ़ में 20 नवंबर से राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप, 22 राज्यों के विशेष खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम
चंडीगढ़:- चंडीगढ़ में राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का आयोजन होने जा रहा है। 20 से 24 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस पांच दिवसीय प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों के विशेष खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता में बौद्धिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा, आत्मविश्वास और जज्बे का प्रदर्शन करेंगे।
चंडीगढ़ के सेक्टर-27 स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान स्पेशल ओलंपिक्स भारत, चंडीगढ़ चैप्टर की एरिया डायरेक्टर शीतल नेगी शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय फ्लोरबॉल चैंपियनशिप का आयोजन 20 से 24 नवंबर तक सेक्टर-10 स्थित स्केटिंग रिंक, स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में किया जाएगा।
इस प्रतियोगिता में देश के 22 राज्यों से विशेष खिलाड़ी भाग लेंगे। खिलाड़ियों के साथ कोच, खेल अधिकारी और खेल प्रेमी भी इस आयोजन का हिस्सा बनेंगे।
उन्होंने बताया कि इस चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य बौद्धिक दिव्यांगता वाले खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, आत्मविश्वास बढ़ाने, टीम भावना विकसित करने और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा का अनुभव हासिल करने का अवसर देना है।
फ्लोरबॉल एक तेज गति से खेला जाने वाला इनडोर टीम खेल है, जो खिलाड़ियों की शारीरिक फिटनेस, समन्वय, कौशल और टीम भावना को मजबूत करता है।
इस आयोजन में भारतीय खेल प्राधिकरण, स्पेशल ओलंपिक्स भारत और भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की भूमिका रहेगी। वहीं, लायंस क्लब चंडीगढ़ सेंट्रल, खेल विभाग और चंडीगढ़ प्रशासन सहित कई संस्थाएं सहयोग कर रही हैं।
स्पेशल ओलंपिक्स भारत, चंडीगढ़ चैप्टर की अध्यक्ष दिलप्रीत कौर सेखों ने कहा कि चंडीगढ़ में राष्ट्रीय चैंपियनशिप की मेजबानी करना पूरे शहर के लिए गर्व की बात है। यह आयोजन विशेष खिलाड़ियों को समान अवसर देने और समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने देशभर से आने वाले खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि यह चैंपियनशिप साहस, प्रतिभा, खेल भावना और समावेशिता का यादगार उत्सव बनेगी।