नाबार्ड द्वारा वित्तीय समावेशन, माइक्रोफाइनेंस एवं ENGAGE पोर्टल पर कार्यशाला का किया आयोजन
देहरादून:- नाबार्ड, उत्तराखंड क्षेत्रीय कार्यालय द्वारा वित्तीय समावेशन निधि समर्थित वित्तीय समावेशन, माइक्रोफाइनेंस पहल एवं ENGAGE पोर्टल विषय पर एक हितधारक कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला की अध्यक्षता पंकज यादव, मुख्य महाप्रबंधक, नाबार्ड ने की। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को सुदृढ़ बनाने तथा सतत आजीविका अवसरों को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यशाला में अमित यादव, सहायक प्रबंधक, नाबार्ड ने FIF समर्थित वित्तीय समावेशन एवं माइक्रोफाइनेंस योजनाओं, उनके क्रियान्वयन संबंधी दिशा-निर्देशों, अनुपालन आवश्यकताओं तथा नाबार्ड के डिजिटल अनुदान प्रबंधन मंच ENGAGE पोर्टल पर विस्तृत प्रस्तुति दी। प्रस्तुति में प्रस्ताव प्रस्तुत करने, दावों के निस्तारण, परियोजना अनुश्रवण एवं विकासात्मक पहलों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सर्वोत्तम प्रथाओं की जानकारी साझा की गई।
कार्यशाला में भारतीय रिज़र्व बैंक, उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, वाणिज्यिक बैंकों, सहकारी बैंकों, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों तथा अन्य हितधारक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में नाबार्ड के महाप्रबंधक, उप महाप्रबंधक, सहायक महाप्रबंधक एवं जिला विकास प्रबंधक भी हाइब्रिड माध्यम से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर FIF समर्थित परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, अनुदान के बेहतर उपयोग तथा ENGAGE पोर्टल के माध्यम से परियोजना एवं दावा प्रबंधन को अधिक सुगम बनाने पर सार्थक चर्चा की गई।