चंडीगढ़:- पंजाब में नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने और बच्चों को छोटी उम्र से ही नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विक्की मिद्दूखेड़ा फाउंडेशन ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। फाउंडेशन ने कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए नशे के खिलाफ जागरूकता पर आधारित विशेष शैक्षणिक पुस्तिका “”चढ़दीकला पंजाब “” Say no to drugs , Say Yes to Life’ तैयार की है। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पुस्तिका का अनावरण किया गया और इसके माध्यम से स्कूलों में नशा विरोधी शिक्षा को मजबूत करने का प्रस्ताव सामने रखा गया।
अजयपाल मिद्दूखेड़ा ने बताया कि फाउंडेशन की ओर से पंजाब के विधानसभा स्पीकर व शिक्षा मंत्री को भेजे गए प्रस्ताव में मांग की गई है कि कक्षा 6 के पाठ्यक्रम में मानव शरीर और मस्तिष्क पर नशे के दुष्प्रभावों से संबंधित एक अनिवार्य अध्याय शामिल किया जाए। इसके लिए पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड और एससीईआरटी को शैक्षणिक सामग्री की समीक्षा कर पाठ्यक्रम में शामिल करने की जिम्मेदारी देने का सुझाव दिया गया है।
फाउंडेशन का मानना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस कार्रवाई, नशा मुक्ति केंद्रों और पुनर्वास तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि बच्चों को नशे के खतरों के बारे में समय रहते शिक्षित करना भी जरूरी है। कक्षा 6 के विद्यार्थी सामान्यतः 11 से 12 वर्ष की उम्र में होते हैं, जब उनमें सही-गलत की समझ और जीवन के प्रति दृष्टिकोण विकसित हो रहा होता है। ऐसे समय में उन्हें नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी देना भविष्य में नशे से बचाव का मजबूत आधार बन सकता है।
पुस्तिका में शरीर और मस्तिष्क पर नशे के प्रभाव की जानकारी
पुस्तिका में तंबाकू, शराब, गांजा, हेरोइन, अन्य नशीले पदार्थों और दवाओं के दुरुपयोग से होने वाले नुकसान को सरल भाषा में समझाया गया है। इसमें बताया गया है कि नशा मस्तिष्क, हृदय, फेफड़ों, लिवर और किडनी सहित शरीर के विभिन्न अंगों को किस प्रकार प्रभावित कर सकता है। इसके अलावा मानसिक स्वास्थ्य, पढ़ाई, पारिवारिक जीवन और सामाजिक संबंधों पर पड़ने वाले प्रभावों को भी शामिल किया गया है।
विद्यार्थियों को साथियों के दबाव में नशे से दूर रहने, आत्मविश्वास के साथ ‘ना’ कहने और तनाव से निपटने के स्वस्थ तरीके अपनाने के बारे में भी बताया गया है। पुस्तिका में प्रश्नोत्तरी, कक्षा गतिविधियां, पोस्टर प्रतियोगिता, शिक्षक मार्गदर्शन, अभिभावकों के लिए संदेश और विद्यार्थियों की नशा मुक्त पंजाब की शपथ को भी स्थान दिया गया है।
पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी में उपलब्ध कराने का सुझाव
फाउंडेशन ने पुस्तिका को पंजाबी, हिंदी और अंग्रेजी भाषाओं में तैयार कर सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों तक पहुंचाने का प्रस्ताव रखा है। इसके साथ ही शिक्षकों के प्रशिक्षण, नियमित जागरूकता सत्रों और स्कूल स्तर पर नशा विरोधी गतिविधियों के आयोजन की भी सिफारिश की गई है।
प्रस्ताव में कक्षा 6 से शुरुआत करते हुए धीरे-धीरे कक्षा 7 से 12 तक नशा रोकथाम संबंधी शिक्षा का विस्तार करने की बात कही गई है। फाउंडेशन के अनुसार, यदि स्कूलों में इस विषय को व्यवस्थित रूप से पढ़ाया जाए तो बच्चे नशे के प्रति जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज में भी सकारात्मक संदेश पहुंचा सकेंगे।
फाउंडेशन ने उम्मीद जताई कि पंजाब सरकार इस प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार करेगी और स्कूलों को नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।