मोहाली:- पंजाब को 100 दिनों में नशामुक्त करने के संकल्प को जनआंदोलन का रूप देने के लिए भारतीय राष्ट्रवादी पार्टी (बीआरपी) अब जनता के बीच अभियान चलाएगी। इसके तहत पार्टी प्रदेश के हर जिले में ‘ड्रग फ्री पंजाब’ ह्यूमन चेन बनाएगी। इस अभियान की शुरुआत मोहाली से की गई है।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अम्लान बिस्वास ने कहा कि पंजाब की जनता ही बीआरपी की असली ब्रांड एंबेसडर है। उन्होंने कहा कि पंजाब की हर बहन पार्टी नेतृत्व के लिए नवजोत कौर सिद्धू जैसी है। नशामुक्त पंजाब का लक्ष्य केवल राजनीतिक घोषणाओं से हासिल नहीं हो सकता, इसके लिए आम लोगों की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक संकल्प जरूरी है।
बिस्वास ने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में महिलाओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों और आम परिवारों को साथ लेकर चला जाएगा। पार्टी की योजना है कि प्रत्येक जिले में ह्यूमन चेन बनाकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाए और ड्रग फ्री पंजाब के संकल्प के समर्थन में एकजुट किया जाए।
उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य नशे के खिलाफ आवाज को राजनीतिक मंचों तक सीमित रखने के बजाय गांवों, शहरों और मोहल्लों तक पहुंचाना है, ताकि समाज का हर वर्ग इस मुहिम का हिस्सा बने।
इस अवसर पर मोहाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पार्टी के पंजाब कोऑर्डिनेटर डॉ. सूरी और यूथ कन्वीनर करणदीप सिंह ने कहा कि पंजाब को नशामुक्त बनाने के लिए जनता का विश्वास और सहयोग सबसे जरूरी है। बीआरपी अपने 100 दिनों के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाएगी।