25 अक्टूबर को होगी भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक, नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी महेंद्र पांडे रहेंगे उपस्थित
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी, चंडीगढ़ प्रदेश की कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 25 अक्टूबर 2026 को प्रदेश कार्यालय ‘कमलम’, सेक्टर-33, चंडीगढ़ में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा करेंगे। इस बैठक में चंडीगढ़ प्रदेश के नवनियुक्त प्रभारी महेंद्र पांडे विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
बैठक की जानकारी देते हुए भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश के महामंत्री रामवीर भट्टी ने बताया कि इस महत्वपूर्ण बैठक में संगठनात्मक विषयों, पार्टी की आगामी कार्ययोजना तथा संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि बैठक में प्रदेश के सभी पदाधिकारी, सभी जिलों के जिला अध्यक्ष एवं जिला महामंत्री, सभी मंडलों के मंडल अध्यक्ष एवं मंडल महामंत्री तथा सभी शक्ति केंद्र प्रमुख, सभी मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री, निर्वाचित पार्षद, सभी प्रकोष्ठों के संयोजक और सह संयोजक उपस्थित रहेंगे। बैठक में संगठन के विभिन्न स्तरों के पदाधिकारियों की सहभागिता के माध्यम से संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विचार-विमर्श किया जाएगा।
रामवीर भट्टी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का संगठनात्मक ढांचा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, अनुशासन और समर्पण पर आधारित है। यह बैठक संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, आपसी समन्वय बढ़ाने तथा पार्टी की आगामी गतिविधियों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।