पंचकूला:- ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम में चल रही नमो क्रिकेट लीग में गुरुग्राम जायंट्स ने दो मुकाबलों में जीत दर्ज की। गुरुग्राम ने पहले मैच में पानीपत पैंथर्स को 48 रन और दूसरे मुकाबले में सोनीपत स्पार्टन्स को 33 रन से हराया। इसके अलावा कुरुक्षेत्र किंग्स ने नोएडा नाइट्स को 5 विकेट और पंचकूला पैंथर्स ने देहरादून डेयरडेविल्स को 8 विकेट से शिकस्त दी।
गुरुग्राम ने पानीपत को 48 रन से हराया:
गुरुग्राम जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 9 विकेट पर 113 रन बनाए। जवाब में पानीपत पैंथर्स की टीम 10 ओवर में 8 विकेट पर 65 रन ही बना सकी। गुरुग्राम के भूरा भामला गुज्जर ने 2 ओवर में 6 रन देकर 5 विकेट झटके और उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। सत्तू लेफ्टी ने 13 गेंदों पर 29 रन की पारी खेली।
गुरुग्राम की लगातार दूसरी जीत:
दूसरे मैच में गुरुग्राम जायंट्स ने 10 ओवर में 130 रन बनाकर सोनीपत स्पार्टन्स के सामने 131 रन का लक्ष्य रखा। सोनीपत की टीम 10 ओवर में 6 विकेट पर 97 रन ही बना सकी। गुरुग्राम ने यह मुकाबला 33 रन से जीता। भूरा भामला गुज्जर ने 2 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट लिए, जबकि मुकुल मोगली ने 12 गेंदों पर 39 रन बनाए।
कुरुक्षेत्र ने नोएडा को 5 विकेट से हराया:
नोएडा नाइट्स ने 10 ओवर में 86 रन बनाए। कुरुक्षेत्र किंग्स ने 9.1 ओवर में 5 विकेट खोकर 87 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। कुरुक्षेत्र के विश्वास ने 14 रन बनाने के साथ 2 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट लिए। पवन कुमार ने भी 2 ओवर में 8 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
पंचकूला की 8 विकेट से जीत:
देहरादून डेयरडेविल्स ने 10 ओवर में 8 विकेट पर 123 रन बनाए। पंचकूला पैंथर्स ने 9.4 ओवर में 2 विकेट पर 127 रन बनाकर 8 विकेट से जीत दर्ज की। मनन शर्मा ने 28 गेंदों पर 63 रन की शानदार पारी खेली। उन्होंने 4 चौके और 6 छक्के लगाए और मैन ऑफ द मैच रहे। पंचकूला के गुरजंत ने 2 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट लिए।