सेवा संकल्प अभियान के तहत चंडीगढ़ धनास में भाजपा ने चलाया स्वच्छता अभियान
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत धनास में स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया।
धनास स्थित चार मंजिला ईडब्ल्यूएस कॉलोनी के वेंडिंग जोन एरिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए श्रमदान किया, जिससे कार्यक्रम जनभागीदारी के अभियान में परिवर्तित हो गया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री सौदान सिंह, चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी, कार्यक्रम संयोजक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष भारत कुमार, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, जिला अध्यक्ष सोनू सरपंच, पार्षद मनोज सोनकर, पूर्व मेयर राजेश कालिया, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वच्छता अभियान में भाग लिया।
प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना एक स्वच्छ और स्वस्थ भारत का निर्माण करना है। वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद लाल किले की प्राचीर से उन्होंने देशवासियों को स्वच्छता का संदेश दिया था। स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से करोड़ों शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता को जन-जन का अभियान बनाया गया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि चंडीगढ़ की पहचान देश के स्वच्छ और सुंदर शहरों में होती है और इस पहचान को बनाए रखना सभी नागरिकों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि स्वच्छ चंडीगढ़ के लिए प्रशासन के प्रयासों के साथ-साथ नागरिकों की सक्रिय भागीदारी भी आवश्यक है। उन्होंने आम नागरिकों से स्वच्छता को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने मिलकर स्वच्छता अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया कि जब जनभागीदारी जुड़ती है, तो स्वच्छता केवल अभियान नहीं, बल्कि जनआंदोलन बन जाती है।