राष्ट्रीय खेल दिवस 2026: चंडीगढ़ के युवाओं और दिग्गज खेल हस्तियों ने “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ” में बढ़-चढ़कर लिया भाग
चंडीगढ़:- राष्ट्रीय खेल दिवस 2026 के अवसर पर चंडीगढ़ के प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों में राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम “खेलो इंडिया संवाद – खेल की बात पीएम के साथ” का गरिमामय आयोजन किया गया। युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा आयोजित इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेल, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़कर ‘विकसित भारत’ के निर्माण में भागीदार बनाना है।
प्रधानमंत्री का वर्चुअल संबोधन
कार्यक्रम का शुभारंभ माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के सीधे प्रसारण के साथ हुआ। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में बीते एक दशक के दौरान देश में खेल इकोसिस्टम के कायाकल्प, युवा-नेतृत्व वाले राष्ट्र निर्माण और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के भारत के संकल्प को रेखांकित किया।
विभिन्न संस्थानों में स्थानीय युवा संवाद
राष्ट्रीय प्रसारण के उपरांत चंडीगढ़ के प्रमुख परिसरों में खेल दिग्गजों के साथ संवाद सत्र आयोजित किए गए:
RGNIYD क्षेत्रीय केंद्र: प्रसिद्ध वेटलिफ्टर विकास ठाकुर और पैरा-एथलीट राजन ढकल ने युवाओं से संवाद करते हुए खेल में निरंतरता और संघर्ष से सफलता पाने के गुरुमंत्र साझा किए।
पंजाब इंजीनियरिंग कॉलेज (PEC): अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज अंजुम मौदगिल ने छात्रों के साथ वैश्विक स्तर की प्रतिस्पर्धा, मानसिक अनुशासन और समर्पण पर विस्तार से चर्चा की।
जीजीडीएसडी कॉलेज (GGDSD): स्टार हॉकी खिलाड़ी गुरजीत कौर, पैरा-एथलीट बबनप्रीत कौर और रोइंग चैंपियन भगवान सिंह ने टीम वर्क, रणनीतिक सोच और दृढ़ संकल्प पर विचार व्यक्त किए।
एमसीएम डीएवी कॉलेज (MCM DAV): अंतरराष्ट्रीय जूडोका मेहक सिंह ने कॉम्बैट स्पोर्ट्स (द्वंद्व खेलों) में मानसिक मजबूती और शारीरिक दक्षता के महत्व पर ध्यान केंद्रित किया।
MY Bharat और VBYLD 2027 का प्रचार
सत्र के दौरान MY Bharat डिजिटल प्लेटफॉर्म पर युवाओं के पंजीकरण के लिए एक विशेष अभियान चलाया गया। इसके साथ ही युवाओं को विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग (VBYLD) 2027 क्विज़ प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
सामाजिक संकल्प: नशा मुक्त भारत
कार्यक्रम का समापन सभी स्थलों पर “नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत” की सामूहिक शपथ के साथ हुआ। उपस्थित विद्यार्थियों और युवाओं ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशा-मुक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।