ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चंडीगढ़ प्रमुख दीपक शुक्ला ने कहा रूस के साथ व्यापार बढ़ाने पर जोर
चंडीगढ़:- ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के पंजाब अध्याय की ओर से रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ कारोबारी बैठक हयात,सेक्टर 17 में आयोजित की गई। इसमें पंजाब और रूस के बीच व्यापार, निवेश और कारोबारी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक में दोनों देशों के कारोबारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने बाजार की संभावनाओं, निवेश के नए अवसरों और उद्यमियों के बीच मजबूत संपर्क विकसित करने पर विचार-विमर्श किया।
रूस सरकार की प्रतिनिधि और बेलगोरोद क्षेत्र के निर्यात सहायता केंद्र की उप निदेशक स्वेतलाना सावकोवा ने कहा कि भारत और रूस के कारोबारियों के बीच इस तरह की बैठकें एक-दूसरे के बाजार को समझने और दीर्घकालिक कारोबारी साझेदारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। रूस पंजाब के कारोबारियों के साथ आर्थिक सहयोग बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में नए अवसर तलाशने के लिए उत्सुक है।
ब्रिक्स चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के चंडीगढ़ प्रमुख दीपक शुक्ला ने कहा कि पंजाब में अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान मजबूत करने की अपार क्षमता है। रूसी प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई यह बैठक व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग के नए रास्ते खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। संस्था का प्रयास रहेगा कि पंजाब के कारोबारियों को अंतरराष्ट्रीय साझेदारों से सीधे जोड़कर कारोबारी अवसरों को मजबूत साझेदारी में बदला जाए।
बैठक में कारोबारियों के बीच सीधे संपर्क, बाजार तक पहुंच और निर्यात सहायता संगठनों के साथ सहयोग बढ़ाने पर भी चर्चा हुई। दोनों पक्षों ने भविष्य में नियमित कारोबारी संवाद कायम रखने और पंजाब तथा रूस के उद्यमियों के बीच ठोस सहयोग की संभावनाएं तलाशने पर जोर दिया।