WWE की तर्ज पर भारत में प्रो रेसलिंग को नई पहचान देने की तैयारी, PWR लाएगा ‘क्रांति’
चंडीगढ़:- भारत में प्रोफेशनल रेसलिंग को नई पहचान और बड़ा मंच देने के उद्देश्य से PWR (Pro Wrestling Rebellion) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में WWE NXT में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके स्टार रेसलर जीत रामा उर्फ सतेंद्र डागर ने कहा कि भारत में इस खेल को पसंद करने वाले दर्शकों की संख्या करीब 33 करोड़ है। इसके बावजूद देश में प्रो रेसलिंग को अंतरराष्ट्रीय स्तर का मंच नहीं मिल पाया है। PWR इसी कमी को दूर करने की दिशा में काम कर रहा है।
जीत रामा ने बताया कि PWR का उद्देश्य भारत में प्रो रेसलिंग को WWE की तर्ज पर एक व्यवस्थित और लोकप्रिय मंच देना है, जहां देश के साथ-साथ विदेशों के रेसलर्स भी भारतीय दर्शकों के सामने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें। उन्होंने कहा कि भारत में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत सिर्फ उन्हें उचित मंच और अवसर देने की है।
29 अगस्त को लुधियाना में ‘Road to Kranti’
PWR की इस मुहिम का अगला पड़ाव 29 अगस्त को लुधियाना के धांदरा विलेज में होने वाला ‘Road to Kranti’ लाइव प्रो रेसलिंग इवेंट है। शाम 7 बजे शुरू होने वाले इस आयोजन में देश-विदेश के कई रेसलर्स रिंग में मुकाबला करते नजर आएंगे। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में दर्शकों के लिए प्रवेश नि:शुल्क रखा गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद रेसलर्स ने कहा कि लुधियाना का आयोजन केवल एक शो नहीं, बल्कि PWR के बड़े मिशन की शुरुआत है। इसके जरिए दर्शकों को लाइव प्रोफेशनल रेसलिंग का अनुभव देने के साथ भारतीय रेसलर्स को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।
11 सितंबर को दिल्ली में होगी असली ‘KRANTI’
PWR के मुताबिक लुधियाना के ‘Road to Kranti’ के बाद 11 सितंबर को नई दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में ‘PWR KRANTI’ मेगा इवेंट आयोजित किया जाएगा। इसमें भारत के अलावा दुनिया के कई चर्चित प्रोफेशनल रेसलर्स के हिस्सा लेने की बात कही गई है।
आयोजकों ने बताया कि ‘KRANTI’ के जरिए भारत में प्रो रेसलिंग को बड़े स्तर पर ले जाने की कोशिश की जाएगी। साथ ही नए और उभरते रेसलिंग टैलेंट को मंच देने, युवाओं को इस खेल से जोड़ने और भारत में प्रो रेसलिंग की एक मजबूत लीग व इवेंट संस्कृति विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
जीत रामा ने कहा कि “अब भारत में प्रो रेसलिंग सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि एक बड़े खेल और इंडस्ट्री के रूप में आगे बढ़ सकती है। PWR का लक्ष्य इसी दिशा में एक नई क्रांति लाना है।”
इस मौके पर PWR से जुड़े कई रेसलर्स और टीम के सदस्य मौजूद रहे। आयोजकों ने रेसलिंग प्रशंसकों से 29 अगस्त को लुधियाना और 11 सितंबर को दिल्ली में होने वाले आयोजनों में पहुंचने की अपील की।