कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पैठाणी क्षेत्र में विकास एवं राहु मंदिर सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
कंडारस्यूं पेयजल योजना से 45 गांव-तोकों के 2,000 से अधिक परिवारों को मिलेगा लाभ
पौड़ी:- कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने पैठाणी क्षेत्र का भ्रमण कर विभिन्न विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने पैठाणी स्थित राहु मंदिर परिसर में चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्य, कंडारस्यूं पेयजल योजना तथा बुंखाल कालिंका मंदिर के नवनिर्माण कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने लसंबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राहु मंदिर परिसर के निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री ने चल रहे सौंदर्यीकरण एवं निर्माण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और कार्यों को तेजी से पूरा किया जाए, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर का व्यवस्थित विकास होने से क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री ने कंडारस्यूं पेयजल योजना का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायज़ा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से योजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए कार्य को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और प्रत्येक घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि कंडारस्यूं पेयजल योजना के पूर्ण होने से क्षेत्र के 45 गांव एवं तोकों के 2,000 से अधिक परिवारों तथा 10 हजार से अधिक आबादी को स्वच्छ पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। योजना के पूर्ण होने से क्षेत्रवासियों को पेयजल की समस्या से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके बाद कैबिनेट मंत्री ने बूंखाल कालिंका मंदिर पहुंचकर मां कालिंका के दर्शन एवं पूजा-अर्चना की। उन्होंने मंदिर के नवनिर्माण कार्यों का निरीक्षण कर निर्माण की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और मानकों का विशेष ध्यान रखते हुए कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने मां कालिंका से समस्त क्षेत्रवासियों की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के बेहतर विकास से स्थानीय लोगों को सुविधाएं मिलने के साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।