भाजपा के प्रयासों से जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस की 50 सीटों की ऐतिहासिक बढ़ोतरी, अब 44 नई पीजी सीटों की स्वीकृति के लिए भी होगा निर्णायक प्रयास : जितेंद्र पाल मल्होत्रा
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश कार्यालय, सेक्टर-33 “कमलम” में जीएमसीएच-32 में एमबीबीएस की 50 नई सीटों की स्वीकृति मिलने पर भारतीय जनता पार्टी मेडिकल सेल के संयोजक ललित तकियार, सहसंयोजक दीपक पाठक एवं विकास बंसल सहित मेडिकल सेल के पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा का अभिनंदन एवं आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष के निरंतर एवं प्रभावी प्रयासों के परिणामस्वरूप चंडीगढ़ को यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्राप्त हुई है।
प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि नेशनल मेडिकल कमीशन (एनएमसी) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 से जीएमसीएच-32 की वार्षिक एमबीबीएस प्रवेश क्षमता 150 से बढ़ाकर 200 करने की मंजूरी प्रदान कर दी है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय चंडीगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में मेडिकल शिक्षा के प्रति छात्रों की बढ़ती रुचि के बावजूद सीमित सीटों के कारण अनेक मेधावी विद्यार्थियों को सरकारी मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश नहीं मिल पाता था। अब सीटों में 50 की बढ़ोतरी से अधिक विद्यार्थियों को कम शुल्क पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा, जिससे भविष्य में देश को अधिक योग्य चिकित्सक मिलेंगे।
इस अवसर पर मेडिकल सेल के संयोजक ललित तकियार, सहसंयोजक दीपक पाठक एवं विकास बंसल ने प्रदेश अध्यक्ष से आग्रह किया कि जीएमसीएच-32 के लिए प्रस्तावित 44 नई पीजी (स्नातकोत्तर) सीटों की स्वीकृति भी शीघ्र करवाई जाए, ताकि चंडीगढ़ चिकित्सा शिक्षा एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में और अधिक सशक्त बन सके।
इस पर प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने कहा कि अगस्त 2025 में केंद्र सरकार द्वारा देशभर में स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा के विस्तार के तहत अनेक सरकारी मेडिकल कॉलेजों को नई पीजी सीटें आवंटित करने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई थी। इसी क्रम में जीएमसीएच-32, चंडीगढ़ के लिए भी 44 नई पीजी सीटों की अनुशंसा की गई थी, जिसका प्रस्ताव वर्तमान में विचाराधीन है।
उन्होंने कहा कि इन अतिरिक्त पीजी सीटों की स्वीकृति चंडीगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सिद्ध होगी। इससे उच्च चिकित्सा शिक्षा को नई दिशा मिलेगी, विशेषज्ञ चिकित्सकों की संख्या बढ़ेगी, तृतीयक स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ होंगी तथा चंडीगढ़ एवं आसपास के लाखों मरीजों को बेहतर एवं विशेषज्ञ उपचार उपलब्ध होगा।
जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने विश्वास व्यक्त किया कि वर्तमान संसद सत्र के दौरान इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल सकती है। उन्होंने कहा कि वह इस विषय को व्यक्तिगत रूप से भारत सरकार एवं माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाएंगे, ताकि जीएमसीएच-32 के लिए प्रस्तावित 44 नई पीजी सीटों को शीघ्र स्वीकृति मिल सके और उन्हें जल्द शुरू किया जा सके।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि माननीय राज्यपाल के सक्रिय सहयोग तथा केंद्र सरकार की सकारात्मक पहल से चंडीगढ़ को शीघ्र ही यह बहुप्रतीक्षित पीजी सीटें प्राप्त होंगी, जिससे शहर में उच्च चिकित्सा शिक्षा, विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं तथा तृतीयक स्वास्थ्य सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी।
अंत में मेडिकल सेल के पदाधिकारियों ने प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा के नेतृत्व में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए उनके प्रति पुनः आभार व्यक्त किया।