चंडीगढ़:- 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर कार्यालय नियंत्रक संचार लेखा (CCA), पंजाब द्वारा आर्य समाज मंदिर, सेक्टर 7बी, चंडीगढ़ में एक योग सत्र का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” (Yoga for Healthy Ageing) रही। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के मध्य शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा योग को उनके दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में योग प्रशिक्षक कुलवंत सिंह , सरकारी योग कॉलेज, सेक्टर-23, चंडीगढ़ ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान तकनीकों का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के माध्यम से तनाव प्रबंधन, कार्यक्षमता में वृद्धि तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। विशेष रूप से कुलवंत सिंह ने कार्यालयों में लंबे समय तक बैठकर कार्य करने वाले कर्मचारियों के लिए उपयोगी चेयर योग (Chair Yoga) एवं डेस्क योग के विभिन्न अभ्यासों का प्रदर्शन किया। इनमें गर्दन, कंधों, पीठ एवं कमर के तनाव को कम करने वाले सरल व्यायाम, श्वास संबंधी अभ्यास तथा ध्यान तकनीकें शामिल थीं, जिन्हें कार्यालय में कुर्सी पर बैठे-बैठे आसानी से किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि इन अभ्यासों को नियमित रूप से अपनाने से कार्यस्थल पर एकाग्रता, ऊर्जा एवं उत्पादकता में वृद्धि होती है तथा तनाव एवं थकान में कमी आती है।
कार्यक्रम में कार्यालय के लगभग 70 अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी प्रतिभागियों ने योगाभ्यास में सक्रिय सहभागिता करते हुए योग के महत्व एवं उसके व्यावहारिक लाभों को समझा। कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर माननीय नियंत्रक संचार लेखा (CCA), पंजाब श्री विजेंद्र नारायण टंडन का उनके प्रेरणादायी उपस्थिति एवं मार्गदर्शन के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया गया। साथ ही, योग प्रशिक्षक कुलवंत सिंह का उनके उपयोगी एवं प्रेरणादायक प्रशिक्षण के लिए तथा सभी प्रतिभागियों का विशेष धन्यवाद किया गया, जिन्होंने उत्साहपूर्वक उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया। यह आयोजन कर्मचारियों के शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं समग्र कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में एक सार्थक पहल सिद्ध हुआ तथा योग को दैनिक जीवन एवं कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने का संदेश दिया।


