राष्ट्रीय लोक दल ने नगर निगम चुनावों से पहले चंडीगढ़ इकाई को किया लॉन्च

चंडीगढ़। आगामी दिसंबर 2026 में होने वाले चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों से पहले राष्ट्रीय लोक दल  (आरएलडी) ने अपने संगठनात्मक विस्तार के तहत चंडीगढ़ इकाई की औपचारिक शुरुआत की। इसकी घोषणा पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव त्रिलोक त्यागी ने चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान की। इस अवसर पर कई नेताओं और समर्थकों ने भी पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उनके साथ प्रभुद्ध कुमार (राष्ट्रीय सचिव), दिलप्रीत सिंह (प्रदेश प्रभारी, पंजाब), विनय प्रधान (प्रभारी, जम्मू-कश्मीर), ओ.डी. त्यागी (प्रदेश महासचिव, उत्तर प्रदेश), नरेंद्र चिकारा (प्रदेश महासचिव, हरियाणा) और अजीत सिंह मोहाली (प्रदेश अध्यक्ष, पंजाब) सहित अन्य नेता मौजूद रहे।

मीडिया को संबोधित करते हुए त्यागी ने कहा कि यह पहल पार्टी के संगठन को मजबूत करने और पारंपरिक क्षेत्रों से बाहर राजनीतिक विस्तार करने की रणनीति का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का संगठन अब देश के 14 राज्यों में सक्रिय है और अब चंडीगढ़ में भी संगठन को औपचारिक रूप से स्थापित किया जाएगा। साथ ही पंजाब में पार्टी की आवाज को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मजबूत आधार के बाद पार्टी ने पंजाब और हरियाणा में भी अपना आधार बनाया है और अब चंडीगढ़ में संगठन को मजबूत करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने विस्तार रणनीति के तहत हाल ही में जम्मू-कश्मीर में सभी सीटों पर चुनाव लड़ा था।

चंडीगढ़ नगर निगम चुनावों के बारे में उन्होंने कहा कि पार्टी चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। जल्द ही कार्यकारिणी की औपचारिक घोषणा की जाएगी और शहर में सदस्यता अभियान तेज किया जाएगा।

पंजाब से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए त्यागी ने कहा कि हालिया बाढ़ के दौरान किसानों को भारी नुकसान हुआ, लेकिन उन्हें अभी तक पर्याप्त मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि किसानों के अधिकारों और समस्याओं को लेकर जल्द ही पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मिलने का समय लिया जाएगा। उन्होंने पंजाब में बढ़ते कैंसर मामलों पर भी चिंता जताई और कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर प्राथमिकता से काम करना चाहिए। इसके अलावा राज्य में रोजगार बढ़ाने के लिए लघु उद्योगों को बढ़ावा देने की बात भी कही।

इस अवसर पर विद्या शंकर पाठक, रामायण कुशवाहा, उमा शंकर शुक्ला, सुनील कुमार पांडेय, सुधीर गोयल, विकास पाठक और हरीश वशिष्ठ सहित आज़ाद समाज पार्टी और बहुजन समाज पार्टी से जुड़े कई नेताओं ने पार्टी ज्वाइन की।

त्यागी ने आगे कहा कि पार्टी पुडुचेरी और लद्दाख जैसे केंद्र शासित प्रदेशों में भी संगठनात्मक विस्तार की योजना बना रही है। एनडीए के साथ गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार का काम पार्टी संगठन देखता है, जबकि गठबंधन से जुड़े फैसले शीर्ष नेतृत्व स्तर पर किए जाते हैं। नगर निगम चुनावों से पहले चंडीगढ़ इकाई का गठन पार्टी के लिए एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक कदम माना जा रहा है। पार्टी शहरी मतदाताओं, व्यापारियों, कर्मचारियों और उत्तर प्रदेश तथा हरियाणा से चंडीगढ़ में रह रहे प्रवासी समुदाय के बीच अपना आधार मजबूत करने की योजना बना रही है।

राष्ट्रीय लोक दल की स्थापना 1996 में पूर्व केंद्रीय मंत्री अजीत सिंह ने की थी, जो पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह के पुत्र थे। त्यागी ने कहा कि पार्टी की मूल विचारधारा किसानों के अधिकार, ग्रामीण विकास, सामाजिक न्याय, संघीय ढांचा और धर्मनिरपेक्ष राजनीति पर आधारित है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *