चंडीगढ़:- यूटी क्रिकेट एसोसिएशन (यूटीसीए) ने चंडीगढ़ पुलिस के सहयोग से ऑलेंजर्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट 2026 के चौथे संस्करण के शुभारंभ की आधिकारिक घोषणा की है, जो 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगा। यह वार्षिक टूर्नामेंट चंडीगढ़ के युवाओं में क्रिकेट के प्रति जुनून को बढ़ावा देने के साथ-साथ ‘नशा मुक्त भारत अभियान’ के उद्देश्यों को मजबूत करने के लिए आयोजित किया जा रहा है, ताकि युवाओं को नशे और छोटी-मोटी आपराधिक गतिविधियों से दूर रखा जा सके।
इस वर्ष टूर्नामेंट में 288 टीमें (256 लड़कों की और 32 लड़कियों की) भाग लेंगी, जिनमें लगभग 3400 युवा क्रिकेटर (आयु वर्ग 14 से 19 वर्ष) अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। इस पहल को नगर निगम, समाज कल्याण विभाग, खेल विभाग, शिक्षा विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन के साथ-साथ टाइनोर और अन्य प्रमुख हितधारकों का समर्थन प्राप्त है।
टूर्नामेंट का उद्घाटन समारोह 17 अप्रैल को सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें भारत सरकार के केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। फाइनल मुकाबले 1 मई को खेले जाएंगे, जबकि समापन समारोह 2 मई को आयोजित होगा, जिसमें पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया विजेताओं, उपविजेताओं और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित करेंगे। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान गली क्रिकेट टूर्नामेंट के चेयरमैन एवं यूटीसीए के संस्थापक अध्यक्ष तथा बीसीसीआई (डब्ल्यूपीएल) गवर्निंग काउंसिल सदस्य संजय टंडन ने बताया कि मैच शहर के दस विभिन्न स्थानों पर खेले जाएंगे ताकि प्रतिभागियों को आसानी से भागीदारी का अवसर मिल सके। उन्होंने बताया कि पंजीकरण 23 मार्च 2026 से चंडीगढ़ के सभी पुलिस थानों में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर शुरू होंगे।
उन्होंने कहा कि यह टूर्नामेंट न केवल एक प्रतिस्पर्धात्मक मंच प्रदान करता है, बल्कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बीसीसीआई के राष्ट्रीय स्तर के टूर्नामेंटों में चंडीगढ़ का प्रतिनिधित्व करने का अवसर भी देता है। यूटीसीए के चयनकर्ता खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रखेंगे और उत्कृष्ट खिलाड़ियों को मार्गदर्शन एवं आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाएंगे। इंडियन स्ट्रीट प्रीमियर लीग ने भी ट्रायल के बाद इस टूर्नामेंट से शीर्ष 25 खिलाड़ियों के चयन का आश्वासन दिया है। वहीं, अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित करने के लिए अपना सहयोग दिया है। टूर्नामेंट नॉकआउट प्रारूप में खेला जाएगा, जिसमें प्रत्येक मैच 10-10 ओवर का होगा और खिलाड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टेनिस बॉल का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा, समुदाय को जोड़ने के लिए सप्ताहांत पर बुद्धिजीवियों और प्रमुख नागरिकों के बीच प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किए जाएंगे।
चंडीगढ़ पुलिस की ओर से एसपी सिटी के.एम. परियांका (आईपीएस) ने युवाओं की समाज निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि इस तरह की पहलें युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाती हैं और अपराध व नशे पर नियंत्रण में सहायक होती हैं। उन्होंने बताया कि यह टूर्नामेंट शहर के स्लम, कॉलोनियों और सेक्टरों से क्रिकेट प्रतिभाओं की पहचान और उन्हें निखारने का एक अनूठा प्रयास है। पूरे टूर्नामेंट के दौरान यूटीसीए की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के माध्यम से लाइव और ऑनलाइन स्कोरिंग उपलब्ध रहेगी।
इस अवसर पर हरी सिंह खुराना (सचिव), आलोक कृष्ण (कोषाध्यक्ष), रविंदर सिंह बिल्ला ( को-चेयरमैन, गली क्रिकेट टूर्नामेंट टूर्नामेंट), दविंदर शर्मा (सीईओ), आरएस कंवर (एमडी, ऑलेंजर्स) सहित नगर निगम, चंडीगढ़ पुलिस और चंडीगढ़ प्रशासन के नोडल अधिकारी भी उपस्थित रहे।


