विकसित भारत के संकल्प के साथ चंडीगढ़ में निकली ‘सेवा ज्योति यात्रा’
तिरंगा पार्क में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का हुआ सीधा प्रसारण
चंडीगढ़:- भारतीय जनता पार्टी चंडीगढ़ प्रदेश द्वारा सेक्टर-17 स्थित तिरंगा पार्क में ‘विकसित भारत संकल्प सभा एवं सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा, प्रदेश महामंत्री रामबीर भट्टी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ‘सेवा के रंग’ रंगोली कार्यक्रम के संयोजक संजय टंडन, सह संयोजक रमेश सहोड़, चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी, कार्यक्रम संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष नरेश पांचाल, सेवा ज्योति यात्रा के संयोजक प्रदेश उपाध्यक्ष राज किशोर, प्रदेश मीडिया प्रभारी रवि रावत, सह संयोजक अभय झा, प्रदेश सचिव मनीष शर्मा, संजय पुरी सहित प्रदेश के सभी पदाधिकारी, जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंडल कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री सम्मानित सरदार इंदरजीत सिंह सिद्धू तथा प्रसिद्ध क्रिकेटर सरदार रितेंदर सिंह सोढ़ी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सरदार इंदरजीत सिंह सिद्धू ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को जनता के आशीर्वाद, लोकतंत्र एवं संविधान के प्रति सम्मान और राष्ट्रसेवा के संकल्प से जोड़ा। उन्होंने कहा कि यह अवसर केवल अतीत को याद करने का नहीं, बल्कि राष्ट्र के संकल्पों को नई ऊर्जा देने का है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पद, प्रतिष्ठा और अधिकार से बड़ा राष्ट्र का दायित्व है। उन्होंने अपने जीवन के मूल मंत्र ‘कर्म ही मेरा धर्म है’ को सामने रखते हुए भगवद्गीता के ‘कर्मण्येवाधिकारस्ते’, ‘नियतं कुरु कर्म त्वम्’ और ‘योगः कर्मसु कौशलम्’ का उल्लेख किया तथा पूरी निष्ठा और क्षमता के साथ कर्तव्य निभाने का संदेश दिया।
उन्होंने 2047 के विकसित भारत के लिए बड़े और दूरदर्शी लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया। भारत को विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में स्थापित करने, गरीबी का उन्मूलन करने तथा पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं वेलनेस, खेल, नवाचार और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत को विश्व का प्रमुख केंद्र बनाने का संकल्प सामने रखा।
प्रधानमंत्री ने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में पूरी ऊर्जा और समर्पण के साथ भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पिछली पीढ़ियों ने जिन कठिनाइयों का सामना किया, आने वाली पीढ़ियों को उनसे मुक्त करने के लिए आज की पीढ़ी को मेहनत करनी होगी। उन्होंने भारत की ऐतिहासिक क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि जिस देश ने स्वतंत्रता जैसे कठिन लक्ष्य को सामूहिक संकल्प से हासिल किया, वही 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयास से विकसित भारत का लक्ष्य भी प्राप्त कर सकता है।
प्रधानमंत्री ने ‘सबका प्रयास’ की भावना को दोहराते हुए देशवासियों में आत्मविश्वास का संचार किया और कहा— “हम करके रहेंगे… We will do it!” उन्होंने कहा कि विकसित भारत का निर्माण केवल सरकार का दायित्व नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के संकल्प, परिश्रम और सहभागिता से संभव होगा।
इस अवसर पर भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन की यात्रा देशसेवा, समर्पण और निरंतर कर्म की प्रेरणादायी यात्रा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को विकसित भारत का लक्ष्य देने के साथ-साथ उसे साकार करने के लिए सबका प्रयास और जनभागीदारी का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता सेवा भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं ‘सेवा के रंग’ रंगोली कार्यक्रम के संयोजक संजय टंडन ने कहा कि विकसित भारत का संकल्प केवल आर्थिक प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारत की संस्कृति, युवा शक्ति, आत्मनिर्भरता, आधुनिक तकनीक और प्रत्येक नागरिक के सम्मान से जुड़ा व्यापक संकल्प है। उन्होंने कहा कि तिरंगा पार्क में बनाई गई रंगोली के माध्यम से देश की विकास यात्रा और विभिन्न क्षेत्रों में हुए परिवर्तन को रचनात्मक रूप से प्रदर्शित किया गया।
कार्यक्रम स्थल पर विकसित भारत के संकल्प और विभिन्न विकास पहलों को दर्शाती विशेष रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। इसके माध्यम से देश की विकास यात्रा और बदलते भारत की तस्वीर को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया।
प्रधानमंत्री के संबोधन के पश्चात सेवा ज्योति यात्रा तिरंगा पार्क से प्रारंभ हुई। कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक सहभागिता की। सेवा, राष्ट्र निर्माण और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश देती यह यात्रा आगे बढ़ते हुए ताज होटल के सामने स्थित पार्किंग स्थल पर संपन्न हुई।
कार्यक्रम में भाजपा चंडीगढ़ प्रदेश के सभी पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के जिलाध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने सेवा को राष्ट्र निर्माण का माध्यम और विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी का अभियान बनाने का संदेश दिया।