मनीमाजरा में कुलवंत जग्गा ने थामा भाजपा का दामन, सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी ग्रहण की पार्टी की सदस्यता
मनीमाजरा:- माड़ीवाला टाउन में आज कांग्रेस के जिला उपप्रधान एवं समाजसेवी कुलवंत जग्गा की ओर से एक जनसभा का आयोजन किया गया। इस दौरान चंडीगढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा की अगुवाई में समाजसेवी कुलवंत जग्गा ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। उनके साथ कांग्रेस के जिला सचिव अमीर चंद मिठू सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी भाजपा का दामन थामा।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जतिंदर पाल मल्होत्रा ने विपक्ष के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा, “वोट चोरी नहीं हो रही है, बल्कि चोरों को वोट मिलना बंद हो गए हैं।” उन्होंने कहा कि देश और चंडीगढ़ की जनता का भाजपा के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है। जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी नीतियों पर भरोसा जता रही है।
इस अवसर पर हरमिंदर सिंह बिंदा, अमनदीप सिंह रिकी, गुरप्रीत सिंह, बलवीर सिंह, बलविंदर सिंह और मनजीत सिंह सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इन सभी कार्यकर्ताओं को भाजपा में शामिल करवाने में चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर सुमन शर्मा की अहम भूमिका रही।
समाजसेवी कुलवंत जग्गा ने कहा कि भाजपा में शामिल होने के निर्णय में चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर सुमन शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सुमन शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग से उन्हें अपने राजनीतिक जीवन की नई पारी शुरू करने का अवसर मिला है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री रामवीर भट्टी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सैनी, भाजपा नेता जगतार सिंह ढिल्लों, सोनू शर्मा और वार्ड नंबर 6 के अध्यक्ष राजीव ढींगरा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
समाजसेवी कुलवंत जग्गा ने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य मनीमाजरा का विकास करना, जनसमस्याओं का समाधान करवाना और आम जनता की आवाज को मजबूती से उठाना है। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा और क्षेत्र की बेहतरी के लिए वह आगे भी पूरी मेहनत और लगन से कार्य करते रहेंगे।