शिव महापुराण कथा का दिव्य आयोजन 20 सितंबर से शहर में
चंडीगढ़:- शिव महापुराण कथा का दिव्य एवं भव्य आयोजन सेक्टर-24 स्थित प्राचीन शिव मंदिर में 20 सितंबर से 26 सितंबर तक किया जाएगा। इस दिव्य एवं भव्य कथा का आयोजन प्राचीन शिव मंदिर, सेक्टर-24 तथा श्री सनातन धर्म मंदिर सभा, सेक्टर-23 द्वारा संयुक्त रूप से किया जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए मंदिर के प्रबंधक संजीव भारती एवं सह-प्रबंधक विवेक शर्मा ने बताया कि कथा से पूर्व और कथा के दिनों में सुबह 8:00 बजे से 10:00 बजे तक गणेश पूजन किया जाएगा। इसके उपरांत 108 कलशों की शोभायात्रा दोपहर 2:00 बजे श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-23 से कथा स्थल तक निकाली जाएगी। इसके बाद कथा स्थल पर दोपहर 3:00 बजे से शाम 7:00 बजे तक कथा व्यास संत गोपाल मणि श्रद्धालुओं को शिव महापुराण की कथा का श्रवण करवाएंगे। उन्होंने बताया कि 23 सितंबर को रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। इस दौरान कथा व्यास द्वारा श्रद्धालुओं को प्रवचन भी दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि कथा के समापन दिवस 26 सितंबर को प्रातः 9:00 बजे हवन किया जाएगा। इसी दिन सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:00 बजेb तक कथा व्यास द्वारा शिव महापुराण कथा का समापन किया जाएगा।
इस अवसर पर प्राचीन शिव मंदिर के पुजारी पंडित राम गोपाल एवं पंडित चंद्र भूषण ने बताया कि भगवान शिव का सिमरन करने से मन के अशुद्ध भाव शुद्ध हो जाते हैं और भक्ति का अनमोल ज्ञान प्राप्त होता है। भक्ति रस में डूब जाने से मन और अंतरात्मा तृप्त हो जाती है। मन में किसी के प्रति विषैला भाव या निंदा करने की भावना नहीं रहती। भक्ति के माध्यम से मन में यही भाव उत्पन्न होता है कि आत्मा का परमात्मा से मिलन हो गया है और बाकी सब मिथ्या है।
उन्होंने बताया कि शिव महापुराण की कथा जीवन में श्रद्धा और भक्ति का संदेश देती है। भगवान शिव की महिमा अपरंपार है और शिव ही सत्य एवं सुंदरता के प्रतीक हैं।