योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी के निधन पर स्वामी रसिक महाराज ने व्यक्त की गहरी संवेदना
रायवाला:- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी के देवलोकगमन पर नृसिंह पीठाधीश्वर स्वामी रसिक महाराज ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की है। उन्होंने कहा कि 91 वर्षों की सुदीर्घ जीवन यात्रा पूर्ण कर पूज्य माताजी का संसार से विदा होना अत्यंत दुःखद एवं अपूरणीय क्षति है।
स्वामी रसिक महाराज ने कहा कि माँ जीवन की प्रथम गुरु, संस्कारों की आधारशिला तथा त्याग, तपस्या, वात्सल्य एवं निःस्वार्थ प्रेम की प्रतिमूर्ति होती हैं। संन्यास जीवन में साधक लोककल्याण और ईश्वर साधना के लिए स्वयं को समर्पित कर देता है, लेकिन माँ के संस्कार, स्नेह और आशीर्वाद सदैव अंतर्मन में आध्यात्मिक शक्ति एवं प्रेरणा बनकर विद्यमान रहते हैं।
उन्होंने भावुक स्मरण करते हुए कहा कि उन्हें पूज्य माताजी के पैतृक गांव पंचूर में उनके दर्शन एवं भेंट करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ था। उनका सरल, सहज, ममतामयी एवं स्नेहिल व्यक्तित्व सदैव स्मृतियों में जीवंत रहेगा।
स्वामी रसिक महाराज ने महाराज श्री योगी आदित्यनाथ जी एवं समस्त शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए भगवान श्री नृसिंह देव, बाबा रसिकेश्वर महादेव एवं भगवान श्री बदरी विशाल से प्रार्थना की कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने दिव्य श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति एवं धैर्य प्रदान करें ।